रायपुर

बलौदाबाजार हिंसा: कर्मियों के भी शामिल होने के तथ्य, रासुका, तबादले पर विचार कर रही सरकार
13-Jun-2024 4:01 PM
बलौदाबाजार हिंसा: कर्मियों के भी शामिल होने के तथ्य, रासुका, तबादले पर विचार कर रही सरकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 जून।  बलौदाबाजार आगजनी और  हिंसा को गंभीरता से लेकर राज्य सरकार को गंभीर जानकारी मिली है। इसकी पड़ताल शुरू  जारी है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

 यह सारी जानकारी 11जून को सीएम विष्णु देव साय की दिन भर चली बैठकों में सामने आई हैं। इन बैठकों में मुख्य सचिव, डीजीपी, मंत्री सांसद और सतनामी समाज के प्रतिनिधि भी रहे हैं।

इसमें बताया गया है कि पूरे घटनाक्रम के वक्त जिले के एसडीएम मौके पर नहीं थे। वहीं कलेक्टर एसपी दोनो अपने दफ्तर से निकल चुके थे। और सबसे अहम यह कि दशहरा मैदान में हुई सभा में बड़ी संख्या में जिला कार्यालयों के कर्मचारी शामिल हुए थे। बाद में यह भीड़ उग्र हो गई।

उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि सभा  में शामिल इन कर्मचारियों की पहचान कराई जा रही है। और फिर इनके जिले से बाहर दूरस्थ इलाकों में तबादला किया जाएगा। यहां तक कहा गया कि चिन्हित कर्मियों की बर्खास्तगी भी की जाए।  इन्हीं लोगों ने प्रदर्शन कार्यों के लिए दोपहर भोज का इंतजाम किया था। और फिर कलेक्टोरेट की कंपोजिट बिल्डिंग में बड़े अफसरों के न होने और कर्मचारियों की कम मौजूदगी की सूचना दी थी। साथ ही जो शासकीय लोक सेवक नहीं है उन पर रासुका के तहत कार्रवाई करने पर भी चर्चा चल रही है। देश में पहली बार कलेक्टोरेट में हुई आगजनी पर पुलिस ने 7 एफआईआर किए हैं।

और निष्पक्ष  जांच के लिए दीगर जिलों के तीन डीएसपी को नेतृत्व में 21 सदस्यीय एस आई टी का गठन किया है। अब तक करीब दो सौ संदिग्धों को पकड़ा जा चुका है।


अन्य पोस्ट