रायपुर

केनाल रोड,एक्सप्रेस वे पर लोगों ने ग्रिल काट रास्ता खोला, रोजाना जाम भी
12-Jun-2024 8:21 PM
केनाल रोड,एक्सप्रेस वे पर लोगों ने ग्रिल काट रास्ता खोला, रोजाना जाम भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 जून। जोन 10 अंतर्गत कैनाल रोड में ग्रिल काटकर गलियों को सीधे कैनाल रोड से जोड़ दिया गया है।लालपुर देवपुरी वासियों की ओर से शिकायत मिली है कि दुकानें, ऑटो रिपेयरिंग शॉप, पान दुकानें  खोल दी गई हैं। इनके ग्राहक  कैनाल रोड पर बाइक,कार  ऑटो रिक्शा, और छोटे मालवाहक खड़े करने से हर रोज शाम  5 से 8 लालपुर चौक से राजेंद्र नगर तक ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। रहवासियों ने  अपने अपने घर दुकानों के पास रोड पर लगे ग्रील काट दिए हैं। वहीं कुछ बड़े बिल्डर डेवलपर ने अपनी कॉलोनियों के लिए भी एंट्री खोल दिया है। प्रोजेक्ट में लोगो को बताया जाता है कि उन्हे एक्सप्रेस वे की सुविधा भी दी जा रही है । लोगों ने निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा को भी सूचित किया है। यह मांग की है कि रोड पर वापस ग्रिल लगा बेरिकेटिंग करवाई जाए।

एक्सप्रेस वे में रास्ता खोलने की मिलीभगत की जांच हो

दूसरी ओर छत्तीसगढ़ आरटीआई एक्टिविस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय ठाकुर ने कहा है कि  फाफाडीह से तेलीबांधा होते हुए नया रायपुर जाने वाले नेशनल हाइवे तक की सडक़ छत्तीसगढ़ रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने बनाई है। अक्टूबर 2017 में गजट नोटिफिकेशन कर इसे एक्सप्रेस हाइवे घोषित किया गया है। भारतीय रोड कांग्रेस के मुताबिक किसी भी एक्सप्रेस हाइवे में पहले से दिए गए प्रवेश और निकास से ही आना-जाना किया जा सकता है। लेकिन इस हाइवे पर कई बिल्डर और निजी व्यक्तियों ने आने-जाने के लिए रास्ता खोल दिया है। अमलीडीह फ्लाईओवर पर तो एक बिल्डर द्वारा बड़ी साइज का इंट्री गेट भी बनाया जा रहा है। ठाकुर ने कहा कि उन्होंने बिल्डरों को जारी नोटिस की कॉपी मांगी पर उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई। इसलिए इस मामले की जांच की जाए तथा रास्ता खोलने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।


अन्य पोस्ट