रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जून। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढऩे की संभावना है। सुकमा जिले में बीते दिनों मानसून का आगमन हो चुका है। जिसके बाद वहा आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। वहीं राजधानी रायपुर तक मानसून में देरी से पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान प्रदेश के कई जिले गर्मी की चपेट में हैं। राजधानी सहित उत्तर के कई जिलों में तापमान बढऩे से लोग गर्मी और उमस के परेशान हो गए है। मंगलवार को डोंगरगढ़ सर्वाधिक गर्म रहा। अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री दर्ज किया गया। रायपुर में 42.6 माना एयरपोर्ट, बिलासपुर में 41.8, अंबिकापुर में 41.7 राजनांदगांव में 41.5 और जगदलपुर में 47.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक अगले 48 घंटों में मानसून प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ेगा। साथ ही प्रदेश में पांच दिनों तक गरज चमक के साथ बारिश के आसार हैं। इसके अलावा कई इलाकों में ओले गिरने और तेज हवाएं भी चलेगी। इस दौरान तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।
बुधवार को राजधानी समेत प्रदेश की कई जिलों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर ओले गिरने के साथ मानसून तेज हवाएं चलने की भी संभावना बताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, बस्तर, रायपुर और दुर्ग संभाग में बारिश के आसार हैं। यह मौसम अगले 5 दिनों तक जारी रहेगा। बीते दिनों मंगलवार को प्रदेश के एक दो जगह पर हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई है।