रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जून। धरसींवा इलाके के ग्राम तिरवैया में जल्द ही खेल सुविधाओं का विस्तार होगा। ग्रामीणों, युवाओं-बच्चों को जल्द ही अच्छे खेल-मैदान की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही सघन छायादार वृक्षारोपण भी कराया जाएगा। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने बुधवार सुबह ग्राम पंचायत तिरवैया में प्रस्तावित खेल मैदान से लगे हुए खाली स्थानों पर सघन पौधारोपण करने के निर्देश दिये। मुक्तिधाम के लिये भी अलग जगह चिन्हांकित करने के निर्देश पंचायत पदाधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में चल रहें कामों में अधिक से अधिक काम स्थानीय महिला स्व- सहायता समूहों के सहायता से कराये जाये ताकि महिला समूहों को रोजगार भी उपलब्ध होंगे और योजनाबद्ध तरीके से काम भी पूरा हो जाए।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने वहां मनरेगा के तहत किए जा रहे तालाब गहरीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने गहरीकरण कर रहे ग्रामीणों से बात कर शासन की योजनाओं के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने तालाब गहरीकरण में लगे ग्रामीणों के लिये छाया की व्यवस्था, पेयजल की सुविधा एवं मेडिकल किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जि़ला पंचायत सीईओ विश्वदीप सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।