रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जून। पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष धनेंद्र साहू का मानना है कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों मेें हार के लिए कांग्रेस की साहू समाज को लेकर अनदेखी रही है। साहू लगातार नेतृत्व पर हमले कर रहे हैं । दो दिन पहले उन्होंने हार की समीक्षा की मांग उठाई थी।
मीडिया से चर्चा में धनेंद्र ने कहा कि छत्तीसगढ़ में साहू समाज की जनसंख्या सबसे ज्यादा है। करीब 20-22त्न है।हर समाज की तरह साहू समाज भी चाहता है कि जनसंख्या अनुरूप भाजपा-कांग्रेस साहू समाज को सत्ता-संगठन में महत्व दे। समाज की भावनाओं को कोई दल पूरा करता है तो उसका फायदा उस दल को होता है हमने देखा है कि जिस दल ने महत्व नहीं दिया तो नुकसान भी होता है । पिछले चुनाव में पीसीसी अध्यक्ष रहते मैने देखा था कि कांग्रेस के साहू वोट में काफी बढ़ोतरी हुई थी। 2018 में ताम्रध्वज साहू को और 2023 में अरुण साव को भी मानकर साहू समाज वोट किया। तोखन साहू को केंद्र में मंत्री बनाया है। निश्चित रूप से भाजपा के फायदा मिल सकता है ।
हार की समीक्षा होगी डहरिया
दूसरी ओर पूर्व मंत्री, और जांजगीर से पराजित डॉ. शिवकुमार डहरिया ने कहा कि लोकसभा में हुई हार पर समीक्षा होगी। इसे लेकर पीसीसी अध्यक्ष से चर्चा हो चुकी है। वैसे हार के कारणों को लेकर दिल्ली में हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में चर्चा हो चुकी है। इस बीच उस बैठक के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल मंगलवार को रायपुर लौट रहे हैं, वहीं पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज दिल्ली से हैदराबाद जा रहे हैं। यह बैठक उनकी वापसी पर होने की संभावना है।