रायपुर

जनता को मोदी के नेतृत्व पर भरोसा-चंद्रशेखर
09-Jun-2024 3:30 PM
जनता को मोदी के नेतृत्व पर भरोसा-चंद्रशेखर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 9 जून।
तीसरी बार मोदी सरकार बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि देश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को बहुमत देकर एक बार फिर से बता दिया कि देश की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है। क्योंकि एनडीए ने पहले से ही अपना प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को घोषित कर दिया था।
 

श्री साहू ने कहा कि जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने खुद ही कहा था कि तीसरे कार्यकाल में भारत को विकसित राष्ट्र और विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। साथ ही देशहित में कई अन्य बड़े और कठोर निर्णय लिए जाएंगे। ऐसे में उन्हें पूरी उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी कथनी को करनी में परिवर्तित करेंगे और देश व देशवासियों को पहले से अधिक सशक्त बनाएंगे।

 साहू ने साथ ही कहा कि चुनाव परिणाम में भले ही भारतीय जनता पार्टी को अपेक्षा से कहीं कम सीटें आई हैं, लेकिन यह भी नहीं भूलना चाहिए कि चुनाव परिणाम में अकेले भारतीय जनता पार्टी को 240 सीटें हासिल हुई हैं, जो 37 दलों वाले विपक्षी इंडी गठबंधन के 234 सीटों से 6 सीटें अधिक हैं। यह दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी आज भी देश के सभी राजनीतिक दलों से कहीं अधिक विश्वसनीय और प्रभावशाली है। वे पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि अगले 5 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी देश की जनता के इस विश्वास को पूर्व की तरह बनाए रखेंगे।


अन्य पोस्ट