रायपुर

गौ तस्करी शक में हत्या, तीन संदिग्ध हिरासत में
08-Jun-2024 7:17 PM
गौ तस्करी शक में हत्या, तीन संदिग्ध हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 जून। शुक्रवार तडक़े महानदी पुल पर गौ तस्करी के शक में हुई दो हत्याओं को लेकर पुलिस ने सरायपाली में तीन से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। बताया गया कि पुल पर ट्रक ड्रायवरों पर हमला करने वाली भीड़ में ये लोग भी शामिल थे। इस घटना की केन्द्रीय एजेंसियों ने भी दिल्ली से जानकारी मांगी हैं।

सूत्रों के अनुसार इस घटना में सद्दाम खान का राजधानी के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस दौरान पूछताछ में उसने पुलिस को रायपुर शहर के ही दो से तीन गौ सेवकों के नाम हमलावर के रूप में बताया है। इनमें से एक के खिलाफ पंडरी और पुरानी बस्ती थानों में पुराने मामले दर्ज है। बताया जा रहा है कि ये लोग मवेशियों से भरे उन गाडिय़ों को जाने देते हैं जो इन्हें चढ़ावा चढ़ाते हैं। जो नहीं देते उन्हें पकडक़र पुलिस को सूचित करने या इस तरह की मारपीट करते हैं।

इस घायल ने यह पूरी जानकारी अपने एक साथी को दी है। फिलहाल घायल सद्दाम के कमर में फ्रैक्चर है और पीठ भी रगड़ा हुआ है। शुक्रवार को यूपी सहारनपुर निवासी ड्रायवर चांदमिया अपने साथियों के साथ ट्रक में जानवर लोड कर ओडिशा की ओर जा रहा था कि कुछ लोगों ने उनका पीछा किया। इस पर ट्रक को चांद मियां मोडक़र रायपुर की ओर आ रहा था तभी भीड़ भी वहां पहुंची और महानदी पुल के बीच ट्रक को रोककर चांद मियां उसके साथी गुड्डू खान पर हमला किया। इनसे बचने वे लोग सूखी नदी में कूद पड़े जिससे उनकी मृत्यु हो गई और सद्दाम घायल हुआ। एक समाचार एजेंसी के मुताबिक भीड़ ने तीनों को ट्रक से खींचकर पुल के नीचे फेंका था। आरंग पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ  धारा 304, 307 के तहत मामला दर्ज किया है। एसएसपी संतोष सिंह ने एएसपी कीर्तन राठौर के नेतृत्व में 14 सदस्यीय जांच दल कर गठन कर लिया है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट