रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नई दिल्ली/ रायपुर, 8 जून। पीएम नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने सरकार के सारे मंत्री, और भाजपा विधायक व पदाधिकारी दिल्ली पहुंच गए हैं। इससे परे सीएम विष्णु देव साय शुक्रवार को सभी नवनिर्वाचित सांसदों को भोज आमंत्रित किया। इसमें संतोष पांडेय को छोड़क़र बाकी सभी सांसद मौजूद थे।
दिल्ली में एनडीए सरकार के गठन को लेकर हलचल है। एनडीए का नेता चुने जाने के बाद नरेन्द्र मोदी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण में शिरकत करने सरकार के मंत्री, और सभी भाजपा विधायक दिल्ली पहुंच रहे हैं।
सीएम विष्णु देव साय और दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव व विजय शर्मा भी दिल्ली में प्रमुख पार्टी नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। राष्ट्रीय नेताओं ने सीएम को छत्तीसगढ़ में बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी। छत्तीसगढ़ सदन में सीएम के रात्रि भोज में नवनिर्वाचित सांसद बृजमोहन अग्रवाल, और विजय बघेल सहित अन्य सांसद थे। संतोष पांडेय कहीं और होने के कारण भोज में नहीं आ पाए।
पार्टी के भीतर यह भी चर्चा है कि छत्तीसगढ़ को भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिल सकता है। इसको लेकर कई नामों की चर्चा है। इस पर देर रात स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
रायपुर-दिल्ली
विमान किराया
25 हजार पहुंचा
प्रदेश के बड़ी संख्या में पार्टी नेता दिल्ली में डटे हुए हैं। देशभर से नेताओं का दिल्ली पहुंचना चल रहा है। इन सब की वजह से विमान किराया में भारी बढ़ोत्तरी हुई है। सोमवार से लेकर शुक्रवार तक दिल्ली से रायपुर का किराया 25 हजार रुपए तक पहुंच गया है। वापिसी में तिगुना किराया देना होगा।