रायपुर

शिक्षकों की छुट्टियां अब ऑनलाइन
05-Jun-2024 7:05 PM
शिक्षकों की छुट्टियां अब ऑनलाइन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 जून। अब छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की छुट्टियां अब आनलाइन होंगी। इस संबंध में डीपीआई ने सभी जेडी, डीईओ, बीईओ और प्रचार्यों को आदेश जारी कर दिया है। डीपीआई दिव्या उमेश मिश्रा के आदेश के मुताबिक शिक्षकों व कर्मचारियों की छुट्टी के लिए आनलाइन पोर्टल तैयार किया जा रहा है। ये पोर्टल eduportal.cg.nic.in/educationmanagement/login होगा, जिसे तैयार किया जा रहा है। डीपीआई ने कहा है कि सभी अधिकारियों, कर्मचारियों व शिक्षकों के सर्विस बुक से अर्जित अवकाश और अर्ध वैतनिक अवकाश तथा अन्य अवकाश शासकीय अभिलेख के आधार पर उक्त विभागीय पोर्टल में दो दिन के भीतर प्रविष्ट करें।

इस व्यवस्था से शिक्षकों को अपनी मनमर्जी से प्रधान पाठक या प्राचार्य को बताकर स्कूल न आने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी। साथ ही राज्य द्वारा स्वीकृत सीएल से अधिक छुट्टियां लेने पर भी अंकुश लग सकेगा। अभी ये व्यवस्था राज्य मंत्रालय और संचालनालय में सफलता के साथ लागू है।

दूसरी ओर विभाग ने प्राचार्य, उप संचालक, संयुक्त संचालकों की वरिष्ठता सूची जारी कर दी है। इसके आधार पर विभाग ने दावा आपत्तियां आमंत्रित किया है। कुछ दिन के भीतर प्राचार्य पद के लिए दावा आपत्ति की जा सकती है। उसके बाद इन पर विचार नहीं किया जाएगा।

बता दें कि राज्य सरकार ने संयुक्त संचालकों को अपर, उप  को संयुक्त और व्याख्याताओं को प्राचार्य के पद पर पदोन्नति देने जा रहा है। इसकी प्रक्रिया विगत कई वर्षों से टलते आ रही है। पिछली सरकार के समय व्याख्याता संघ ने कई बार शिक्षा मंत्री और सचिवों से इसकी मांग की थी।


अन्य पोस्ट