रायपुर
रायपुर, 2 जून। यूपीएससी एवं पीएससी परीक्षार्थियों के मार्गदर्शन के लिए रविवार को निशुल्क संस्था "युवा" में एक सेमिनार का आयोजन किया गया।मुख्य वक्ता सुश्री नेहा ब्याडवाल थीं। जिन्होंने हाल ही में छत्तीसगढ़ राज्य से सिविल सर्विसेस परीक्षा, 2023 की उत्तीर्ण की थी।
सुश्री नेहा ने अपनी यूपीएससी की तैयारियों एवं रणनीति के बारे में उपस्थित छात्रों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि उनकी यह सफलता सिर्फ उनके ही प्रयासों से मिली है, बल्कि उनके परिवार के सारे सदस्यों खासकर उनके पिताजी एवं चाचाजी के पिछले पांच वर्षों के तप का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा अपनी कमी को देखती और फिर उस कमी को दूर करने का प्रयास करती।कॉलेज में वाद विवाद प्रतियोगिताएं, अन्य कार्यक्रमों का संचालन करते हुए उन्होंने अपने कम्युनिकेशन स्किल को बढ़ाया, जिसका फायदा यूपीएससी के इंटरव्यू के वक्त मिला। उद्बोधन के बाद उन्होंने छात्रों के प्रश्नों का रोचक तरीके से समाधान बताया।
आज के कार्यक्रम में युवा सदस्यों के अलावा बाहर से छात्र भी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
महावीर स्कूल, गुधियारी के संचालक वीरेन्द्र महेश्वरी अपने स्कूल की कई सारी छात्राओं के लेकर उपस्थित हुए। इन्होंने भी सुश्री नेहा ब्याडवाल से अपने शंकाओं का निवारण किया।
सुश्री नेहा ने युवा के प्रयासों की प्रशंसा में वादा किया कि वे भविष्य में भी संस्था से जुड़कर छात्रों का यथासंभव मार्गदर्शन करेंगी।
कार्यक्रम के शुरूआत में युवा सदस्यों ने सुश्री नेहा का स्वागत सूत की माला, शॉल, श्रीफल एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर संस्थापक एम राजीव ने स्वागत भाषण दिया।