रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 जून। भारतीय सेना के मुख्यालय छत्तीसगढ़ और ओडिशा सब एरिया (कोसा) ने रविवार को नया रायपुर के सेंध झील के किनारे विश्व पर्यावरण दिवस पर कई आयोजन किए। इसमें स्कूल,कॉलेज के विद्यार्थी, स्थानीय लोग, पूर्व और सेवारत सैनिक शामिल हुए।
इस दौरान झील के आस पास के क्षेत्र की सफाई, पदयात्रा, संगीतमय जुम्बा, सैन्य जीवन के अनुभव साझा किये गए। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने पर्यावरण से संबंधित विभिन्न मुद्दे जैसे ग्लोबल वार्मिंग, मरूस्थलीयकरण, भूमि बहाली, सूखापन, जल संचयन और वृक्षारोपण पर जागरूकता दिखाया। इस आयोजन को सफल बनाने में एनआरडीए जिला एवं ट्रैफिक पुलिस , वन विभाग और रायपुर नगर निगम का सहयोग रहा।
प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए समारोह के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल, पीवीएसएम, एवीएसएम्, वाईएसएम् (सेवानिवृत), कार्यकारी निदेशक और एम्स रायपुर ने जनता के सामने आने वाले विभिन्न पर्यावरणीय मुद्दों पर प्रकाश डाला तथा सभी से पर्यावरण को बचाने के लिए ठोस प्रयास करने का आह्वान किया। प्रतिभागियों की हौसला अफजाइ करते हुए विभिन्न पुरस्कार प्रदान किये गए ।साथ ही लता मंगेशकर फैन क्लब के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मनोरंजन किया ।