रायपुर

नतीजों से पहले भाजपा करेगी कल आंकलन, सभी प्रत्याशियों को बुलाया
31-May-2024 3:50 PM
नतीजों से पहले भाजपा करेगी कल आंकलन, सभी प्रत्याशियों को बुलाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 31 मई। भाजपा ने सभी लोकसभा प्रत्याशियों की शनिवार को बैठक रखी है। बैठक में चुनाव प्रभारी नितिन नबीन, और सीएम विष्णु देव साय भी रहेंगे। कहा जा रहा है कि बैठक में मतगणना की तैयारियों पर चर्चा होगी। साथ ही हाईकमान के निर्देश से भी प्रत्याशियों को अवगत कराया जाएगा।

देश के अलग-अलग राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए गए पार्टी के नेता लौट आए हैं। चार जून को मतगणना होगी। मतगणना से पहले पार्टी ने प्रदेश की सभी सीटों के प्रत्याशियों को चर्चा के लिए पार्टी दफ्तर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बुलाया है।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, और महामंत्री (संगठन) पवन साय रहेंगे। मगर क्षेत्रीय महामंत्री अजय जामवाल उपस्थित नहीं हो पाएँगे। जामवाल अपने गृहराज्य हिमाचल प्रदेश में हैं, और वो वोट डालने के बाद रायपुर आएंगे। सूत्रों के मुताबिक बैठक में मतगणना को लेकर प्रत्याशियों से चर्चा होगी।

एजेंट आदि नियुक्त करने का काम भी चल रहा है। चार जून को मतगणना के बाद शाम तक सारी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। फिर भी रायपुर के नतीजे रात तक घोषित होंगे। नतीजे आने के बाद विजयी प्रत्याशियों को 6 जून तक दिल्ली पहुंचने के लिए कहा जा सकता है। पार्टी हलकों में इस बार एनडीए सरकार के रिपीट होने की बात कही जा रही है, इसलिए भाजपा नेताओं में उत्साह ज्यादा है। बैठक में प्रत्याशियों के साथ-साथ चुनाव के संचालक भी रहेंगे।


अन्य पोस्ट