रायपुर
सूर्योदय से सूर्यास्त तक चल रही गर्म हवाएं, रातें भी हुई गर्म
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 मई। नौतपा लगने के साथ ही सूर्योदय से सूर्यास्त तक प्रचंड गर्मी ने सबके पसीने छुड़ा दिए हैं। वहीं तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी और गर्म हवाओं के चलते सडक़ें सूनी होने लगी है। तापमान बढऩे से दिन के साथ ही रातें भी गर्म होने लगी है।
गर्मी और सूरज की किरणों से बचने लोग तरह-तरह के उपाय भी कर रहे हैं। तापमान भी 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। सूर्य की तेज किरणों और लू से बचने लोग घरों में समय व्यतीत कर रहे हैं।
हालांकि जरूरी काम होने पर ही लोग गर्मी और लू से बचने गमछा, टोपी, चश्मा समेत अन्य के उपाय करते घरों से निकल रहे हैं। वहीं लोग गर्मी और उमस से बचने घरों में रहकर एसी, कूलर व पंखों का सहारा ले रहे हैं। इसके अलावा नारियल पानी, गन्ना रस, लस्सी, कोल्ड्रिंग्स व रसीलेदार फलों से शरीर के तापमान को बनाए रखने की जुगत में हैं।
ज्ञात हो कि 25 मई से नौतपा की शुरूआत होने के साथ जिले में भीषण गर्मी का कहर बरसने लगा है। सूरज की किरणें आग बरसा रही है। सुबह 7 से लेकर देर शाम तक लोग गर्म हवाओं और सूर्य की तपिश के चलते घरों में दुबकने मजबूर हो रहे हैं। वहीं बुजुर्ग और बच्चों को घरों में रहने की सलाह भी दी जा रही है। झुलसाने वाली सूर्य की किरणों से बचने के लिए लोग चेहरे में स्कार्फ व सिर में टोपी का उपयोग कर रहे हैं। दोपहर के समय सडक़ें पूरी तरह सूनसान नजर आने लगी है।
राजनांदगांव शहर समेत जिले के डोंगरगांव, डोंगरगढ़, खुज्जी समेत मोहला-मानपुर जिला और खैरागढ़ जिले में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बाद शीतल पेय पदार्थों की मांग भी बढ़ गई है। जिले समेत शहर के अलग-अलग इलाकों में गन्ना रस, लस्सी, नारियल पानी, कोल्ड्रिंग्स समेत अन्य पेय पदार्थों की दुकानों में सर्वाधिक बिक्री हो रही है। इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में ठंडे पेयजल के लिए स्थापित प्याउ घर में लोग शीतल जल से गला तर करने पहुंचने लगे हैं।
इधर, बाजार इलाकों के फुटपाथ में दुकान लगाने वाले दुकानदार भी शाम के वक्त दुकानें लगाने लगे हैं। तेज गर्मी और लू के चलते बाजार इलाके में सन्नाटा पसरने लगा है, वहीं तापमान में बढ़ोत्तरी होने से मिट्टी से बने मटकों की मांग भी बढ़ गई है। लोग घरों में शीतल जल का सेवन करने के लिए मटकों की खरीदी करने भी पहुंच रहे हैं।
सुबह से देर शाम तक तेज गर्मी और सूर्य की तपिश से राहत पाने के लोग अलसुबह पार्कों में राहत पाने पहुंचने लगे हैं। हालांकि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की तादाद अधिक दिखाई दे रही है।