रायपुर
10-10 समिति जांचने का लक्ष्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर 29 मई। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर रायपुर जिले में अलग अलग सहकारी समितियों का निरीक्षण किया जा रहा है। जहां खाद, बीज भंडारण एवं उनके उठाव की समुचित व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
सहकारी समितियों के निरीक्षण एवं मानिटरिंग हेतु जिले के प्रत्येक जनपद पंचायत के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी का सयुक्त दल गठित किया गया है। उपरोक्त दल अपने जनपद पंचायत क्षेत्रांतर्गत 10-10 सहकारी समितियों का निरीक्षण कर रही है। आज रायपुर अनुविभाग क्षेत्र, आरंग अनुविभाग क्षेत्र, तिल्दा अनुविभाग क्षेत्र तथा अभनपुर अनुविभाग क्षेत्र में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के सयुक्त दल ने निरीक्षण किया। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आगामी खऱीफ़ मौसम खेती से पहले खाद, बीज का पर्याप्त भंडारण हो एवं किसानों द्वारा अग्रिम 50 प्रतिशत उठाव हो।