रायपुर

बेबीलान के सामने नाले पर अवैध निर्माण, चला बुलडोजर
29-May-2024 3:59 PM
बेबीलान के सामने नाले पर अवैध निर्माण, चला बुलडोजर

रायपुर, 29 मई। वीआईपी रोड स्थित होटल बेवीलान में नगर निगम का अमला इस वक्त तोडफ़ोड़ की कार्यवाही कर रहा है। होटल संचालक ने वहां नहर पर अतिक्रमण करके निर्माण कर रखा था। होटल प्रबंधन के इस अवैध निर्माण का असर विधायक कालोनी में बारिश के दिनों में पड़ता है। विधायक कालोनी में पानी भर जाता है। निगम अधिकारी संतोष पांडे ने बताया कि होटल संचालक ने वहां स्थित नाले पर अतिक्रमण कर रखा था। नाले पर करीब 4500 वर्ग फीट पर कब्जा करके निर्माण कर लिया था। इसी वजह से न केवल नाला चोक हो रहा था बल्कि आसपास दलदल बन गया है। इसी अवैध निर्माण के कारण बारिश के दौरान विधायक कालोनी में जलभराव की समस्या होती है। नगर निगम के अफसरों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए होटल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। इसी वजह से आज नगर निगम का अमला वहां अतिक्रमण तोडऩे की कार्यवाही कर रहा है।

इससे पहले  मंगलवार को जोन 2 की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से जयस्तम्भ चौक के समीप लक्मी स्टेशनरी के पास 6 पाटों, यामाहा शोरूम के पास एक जर्जर चेम्बर, मौदहापारा थाना के समीप दो पाटों, क्षत्रिय धर्मशाला के पास रेल्वे स्टेशन मार्ग में 5 पाटों को तोडक़र सफाई की बाधा हटाने की कार्यवाही की गयी।


अन्य पोस्ट