रायपुर
दल्लीराजहरा, 27 मई। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के नगर अध्यक्ष शंकर लाल कुकरेजा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति या व्यापारी द्वारा उद्योग को लगाने से सरकार को कई फायदे होते हैं। जैसा कि रोजगार सृजन होता है, बेरोजगारों को रोजगार मिलता है। सरकार को हर प्रकार की आय जीएसटी, इनकम टैक्स, संपत्ति कर एवं अन्य टैक्स मिलते हैं, परन्तु किसी भी उद्योग को लगाने के लिये व्यक्ति का सरकारी, कागजात को पूर्ण करते करते उद्योग लगाने से उसका मन एवं साहस डांवाडोल हो जाता है और वह विचलित हो जाता है।
श्री कुकरेजा ने कहा कि सर्वप्रथम हमारा सुझाव है कि एकल खिडक़ी प्रणाली हो, हर व्यक्ति को उद्योग लगाने की जरूरत के लिये भटकना न पड़े और त्वरित कार्रवाई हो, ताकि जल्दी उद्योग लगाकर चालू जाये, बाकी गैर जरूरी कागजात को हटाया जाये। पिछड़े क्षेत्रों में जहां उद्योग धंधे नहीं है, जैसा कि दल्ली राजहरा वहाँ नये उद्योग को लगाने में टैक्स में रियायत दी जाये तथा लोन पर सब्सिडी अन्य क्षेत्र की अपेक्षा ज्यादा हो, जिससे कि उन क्षेत्रों में उद्योग लगे व वहां का विकास हो और वहां लोगों को रोजगार मिल सके। इन सब चीजों से पिछड़े क्षेत्रों में उद्योग भी लगेंगे, वहां का विकास होगा, लोगों को रोजगार मिलेगा एवं सरकार की भी आय बढ़ेगी।