रायपुर

कांग्रेस ने 5 साल नक्सलियों को पाला पोसा-साव, बस्तर को शासक बनकर न देखें-बैज
27-May-2024 7:03 PM
कांग्रेस ने 5 साल नक्सलियों को पाला पोसा-साव, बस्तर को शासक बनकर न देखें-बैज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 मई। नक्सलियों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई पर कांग्रेस के सवालों पर डिप्टी सीएम अरूण साव ने कहा कि, इन्होंने पांच साल नक्सलियों को पाला पोसा है, अब जब कार्रवाई हो रही है तो इनके पेट में दर्द हो रहा है। सवाल कर ये जनता में भ्रम फैला रहे हैं, जिसे जनता जान चुकी है। इसलिए आज कांग्रेस की स्थिति दयनीय हो गई है।

गृहमंत्री विजय शर्मा के आग्रह के बावजूद नक्सलवाद के खात्मे के लिए पीसीसी चीफ के सुझाव न देने पर साव ने कहा कि कोई सुझाव आएगा भी नहीं। क्योंकि बस्तर में शांति,विकास से कांग्रेस का लेना देना नहीं है। केवल राजनीति करना उद्देश्य है।

सोमवार को  पत्रकारों से विकसित छत्तीसगढ़ निर्माण के विजन को लेकर चर्चा की। साथ ही बेमेतरा की घटना पर कांग्रेस द्वारा राजनीति करने पर दुख जताया। उन्होंने कहा की, ये समय राजनीति का नहीं है।

उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 का विजन देश के सामने रखा है। इसी तरह छत्तीसगढ़ सरकार की आगामी योजनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने पर चर्चा हुई है। श्री साव ने कहा कि सरकार छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर विकसित राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी के विजन के अनुरूप हमारी सरकार प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने की तैयारी कर रही है।

उपमुख्यमंत्री ने बेमेतरा बारूद फैक्ट्री की घटना पर कहा कि, सरकार शुरू से इस घटना को लेकर गंभीर है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। सेना की विशेषज्ञ टीम से मदद ले रहे हैं। लेकिन कांग्रेस इस पर राजनीति कर रही है। कल कांग्रेस का जांच दल घटना स्थल पर गया था। इस दौरान प्रशासन ने उनका पूरा सहयोग किया। साव ने बताया कि, मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैज का सुझाव-शर्मा विभाग क्यों नहीं छोड़ देते

दूसरी ओर गृहमंत्री विजय शर्मा को दिए अपने सुझाव में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा बस्तर को शासक बनकर नहीं अपना समझकर देखें। लोग विश्वास पिछली कांग्रेस सरकार ने अर्जित किया था। उसको मत तोडि़ए। सुरक्षाबलों को निर्देश दें कि किसी भी एनकाउंटर में निर्दोश आदिवासियों की हत्या न हो, न ही जेल में डाला जाए। सरकार का आचरण लोगों का भरोसा जीतना होना चाहिए। बैज ने विजय शर्मा की बेचार्गी पर कहा आप इतने बेबस क्यों हैं कि कभी नक्सलियों से सुझाव मांगते हैं, तो कभी हाथ जोडक़र विपक्ष से आपसे विभाग नहीं संभल रहा, तो छोड़ क्यों नहीं देते।


अन्य पोस्ट