रायपुर

बस्तर में निर्दोष व्यक्तियों को मारा जा रहा
27-May-2024 7:02 PM
बस्तर में निर्दोष व्यक्तियों को मारा जा रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 मई। पीडिया मुठभेड़ को फर्जी साबित करते हुए बस्तर के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आज एक पत्रकारवार्ता में कहा कि नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत निर्दोष आदिवसियों को मारा जा रहा है। रायपुर प्रेस क्लब में चर्चा करते हुए पूर्व विधायक मनीष कुंजाम, अधिवक्ता बेला भाटिया, शालिनी गेरा, प्रियंका शुक्ला, और मुलवासी बचाव मंच के रघुराम पोडियाम ने कहा पहले भी फर्जी मुठभेड़े होती थी, पर अब उनकी आवृत्ति ख़तरनाक रूप से बढ़ गई है। कई वारदातों में तो सरकार ने भी माना है कि निर्दोष व्यक्ति मारे गये है, पर वहाँ सरकार ने क्रास फायरिंग का बहाना लेकर माओवादियों को इन मौतों का जि़म्मेदार बताया, जबकि गाँव वालों का स्पष्ट कहना है कि कोई मुठभेड़ ही नहीं हुई थी, और सुरक्षा बलों ने एक तरफा फायरिंग की थी।

हाल ही में हुई बीजापुर के पीडिय़ा और इतवार गाँव में पुलिस ने कहा कि मुठभेड़ में 12 आदिवासी मारे गए जबकि सच तो यह है कि 12 में से 10 आदिवासी ग्रामीण इन्ही दो गाँव के रहवासी थे और अन्य 2 आदिवासी इन गाँव में मेहमान की तरह आये हुए थे। इन सभी को तेंदु पत्ता संग्रहण करते समय दौड़ा दौड़ा कर गोलियां बरसाई गईं । मृतको के आलावा इन्ही दो गाँव के 6 ग्रामीण आदिवासी घायल हैं जिन्हें भी गोली लगी है और उनका इलाज जारी है। घायलों में एक 16 साल का बच्चा तीन गोलियों का शिकार था जो उस वक्त गाँव में ही मौजूद था जब हम घटना की जाँच करने गए थे। इनके आलावा तकऱीबन 50 से अधिक ग्रामीणों को पुलिस बंधक बनाकर अपने साथ ले गई थी जिनमे से अधिकतर की रिहाई हो गई है और कुछ को जेल भेज दिया गया । इस घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों, पत्रकारों द्वारा इस मुठभेड़ पर सवाल उठाये गये पर सरकार की तरफ से सिर्फ सुरक्षा बलों को बधाई देने के अतिरिक्त कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई है।


अन्य पोस्ट