रायपुर
कोतवाली 5 सौ मीटर की दूरी पर, लेकिन रात्रि गश्त बंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 मई। सप्रे शाला मैदान शराबियों का अड्डा बन गया है। रोज सुबह खिलाड़ी प्रैक्टिस के लिए पहुंचते हैं, और उन्हें मैदान में नशे में धुत्त लुढक़े नजर आते हैं। यह सब उस खेल मैदान का हाल है जिसके नजदीक कोतवाली थाना 5 सौ मीटर की दूरी पर है।
सप्रे शाला मैदान में वालीबाल, और बॉस्केटबॉल के जिला स्तरीय खिलाड़ी प्रैक्टिस के लिए आते हैं। यही नहीं, इन दिनों समर कैम्प भी चल रहा है जहां बालक-बालिकाएं भी प्रशिक्षण के लिए आते हैं।
मैदान में प्रैक्टिस सुबह 5 बजे से शुरू हो जाती है, लेकिन वहां नशे में धुत्त लोग पड़े रहते हैं। इससे खिलाड़ी और प्रशिक्षक काफी परेशान हैं। सप्रे शाला मैदान से कोतवाली थाना नजदीक ही है लेकिन रात्रि गश्त न होने के कारण मैदान शराबियों के लिए अड्डा बन गया है। मैदान को स्मार्टसिटी के मद से बेहतर बनाया गया था, लेकिन अब वहां गंदगी का आलम देखने को मिल रहा है। इसको लेकर खिलाड़ी और प्रशिक्षक पुलिस प्रशासन से मिलकर रात्रि गश्त करने का आग्रह करने वाले हैं ताकि मैदान में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लग सके।