रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 मई। शहर के देशी शराब दुकानों में शौकीन एक नई तरह की वसूली का शिकार हो रहे हैं। यह वसूली, ओवर रेट का धंधा बंद होने के बाद से चल रही है। शौकीन बताते हैं कि दुकान के सेल्स मेन,सुपरवाइजर नोट तो ले लेते हैं लेकिन पौवा अद्धी बोतल नहीं देते। कल इसी मामले में गोकुल नगर देशी शराब दुकान में सेल्समैन, और सुपरवाइजर में खरीददारों से मारपीट की। घटना रात साढ़े 9 बजे की है। मोती नगर टिकरापारा निवासी हरीष विश्वकर्मा (50) के साथ दुकान के प्लेसमेंट कर्मी खन्ना पात्रे, भोला बंजारे ने मारपीट की। दरअसल, ये दोनों शराब के दुसरे खरीददार से पैसे लेनदेन के संबंध में विवाद कर रहे थे। यह देख हरीश ने मना किया। इस पर खन्ना और भोला ने गाली गलौज कर हरीश पर हाथ मुक्के, और पाइप के टूकड़े से हमला किया। हरीश की रिपोर्ट पर टिकरापारा पुलिस ने धारा 294, 506, 323, 34 का मामला दर्ज किया है। आरोपी पकड़ से बाहर है।
यह कारोबार राजधानी के अमूमन सभी देशी दुकानों में चल रहा है । शाम को भीड़ के समय यह धंधा हो रहा। शहर के संतोषी नगर, भाठागांव,मोवा,सड्ढू की दुकानों में जाने वाले शौकीनों ने यह जानकारी दी है। उनका कहना है कि सेल्समेन या काउंटर में बैठा सुपरवाइजर खरीददार से क्वार्टर, अध्दी और बोतल का पैसा तो लेकर माल नही देते। ऐसा वे खिडक़ी में भीड़ के समय करते हैं। एक साथ दो से तीन हाथ नोटो के साथ आगे बढ़ते ही ये लोग सभी नोट तो ले लेते हैं लेकिन बोतल किसी एक को ही देते हैं। जिन्हें नहीं मिलता उनके मांगने पर पहले पैसा मांगते हैं। जबकि वो दे चुका होता है । आपत्ति करने पर बाहर तुम लोग निपट लो कहकर चलता कर देते हैं। इसकी शिकायत को लेकर इन्हें किसी का भी डर नहीं। उल्टा कहते हैं कि आबकारी अफसर आएगा पैसा लेकर चला जाएगा। बता दे कि इन सरकारी शराब दुकानों में पूरा कारोबार प्लेसमेंट कंपनी के कर्मचारी काम कर रहे हैं। बीते तीन वर्ष के दौरान इन लोगों ने ओवर रेट के नाम पर शौकीनों की जेब काटी और सरकार को चपत लगाया । अब यह नया तरीका निकाल लिया है। अफसर यदि वेश बदलकर दुकान की लाइन में खड़े रहे तो लूट कई अन्य तरीके भी पता चलेंगे।
एनआईसी ने पकड़ा गड़बड़ झाला
दुसरी ओर एक शिकायत यह भी मिल रही है कि प्रीमियम शराब दुकानों में चील्ड बीयर नहीं मिल रही है। इस शिकायत पर एनआईसी में आबकारी कारोबार पर ऑनलाइन नजर रखने वाले एनआईसी के अफसरों ने जिला आबकारी अधिकारी को जमकर फटकार लगाई। एनआईसी अफसरों का कहना था कि उनके रिकॉर्ड में इस दुकान में चील्ड बीयर उपलब्ध है, लेकिन दुकान के सुपरवाइजर नहीं दे रहे। उल्टे ओवर रेट में बेच रहे हैं। जिला अधिकारी को यहां तक कह दिया कि प्रति पेटी 40 रूपए कमीशन लेने के बाद भी इस पर अनदेखी की जा रही है। यह भी शिकायत है कि शहर के सभी प्रीमियम दुकानों में एक ही ब्रांड की बीयर बेची जा रही है। इसमें भी डीईओ कार्यालय के लोगों की मिली भगत का आरोप लगाया जा रहा है।