रायपुर

बंगाल में तूफान और रायपुर में ‘लू’
26-May-2024 7:44 PM
बंगाल में तूफान और रायपुर में ‘लू’

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 मई। दक्षिण पश्चिम मानसून आगे बढ़ते दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और भाग, मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और भाग तथा उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी में रविवार को मानसून की गतिविधि प्रारंभ हो गई है। और वहां से 1062 किमी दूर रायपुर अंचल में नौतपा चल रहा है जहां  लू की चेतावनी जारी की गई है। 27 और 28 मई को इस सीजन का तापमान चरम पर रहने की संभावना है। जिसके कारण प्रदेश के मध्य इलाके में लू चलने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर 15 जिलों में लू की संभावना जताई है। वहीं 28, 29, 30 को बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग संभाग में लू चलेगी।

प्रदेश में एक तो स्थान पर बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है।  उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाले गर्म और शुष्क हवाओं के कारण प्रदेश में अधिकतम तापमान में अगले दो दिनों में वृद्धि होने की संभावना है। प्रदेश में 29 मई तक ग्रीष्म लहर (मध्य छग में ) चलने की संभावना बनी हुई है। प्रदेश में 28 मई रात्रि तक, उष्ण रात्रि रहने की संभावना है।

तूफान रिमाल

प्रबल चक्रवात  रिमाल उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर 7 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर दिशा में आगे बढ़ रहा है । यह खेपूपारा से दक्षिण दक्षिण पश्चिम में 260 किलोमीटर दूर,  मोंगला से दक्षिण में 310 किलोमीटर दूर, सागरदीप से दक्षिण पूर्व में 240 किलोमीटर दूर और कनिंग से दक्षिण दक्षिण पूर्व की ओर 280 किलोमीटर दूर स्थित है।

वर्तमान में इसके अधिकतम हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे बनी हुई है। इसके लगातार उत्तर की ओर आगे बढ़ते हुए और अधिक प्रबल होने की संभावना है। यह और अधिक प्रबल होकर लगभग उत्तर दिशा में आगे बढ़ते हुए बांग्लादेश और उससे लगे पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप और खेपूपारा के बीच मोंगला के निकट आज रात्रि में टकराने की संभावना है । इस समय इसमें अधिकतम हवा की गति 110 किलोमीटर से 120 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है।


अन्य पोस्ट