रायपुर

पूर्व युकांध्यक्ष मेमन कान्हा किसली से गिरफ्तार
26-May-2024 4:08 PM
पूर्व युकांध्यक्ष मेमन कान्हा किसली से गिरफ्तार

 तीन करोड़ के चेक बाउंस होने के बाद से फरार था 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 मई।
कोर्ट के निर्देश के वर्षों बाद सिविल लाइंस पुलिस ने  कांग्रेस नेता आसिफ मेमन को  गिरफ्तार किया है। आसिफ, कवर्धा से लगे अभ्यारण्य  कान्हा किसली में फरारी काट रहा था। जहां से उसे पकड़ा गया। आसिफ, कचना निवासी महिला की   करोड़ों रुपये की जमीन को हड़पने के मामले में फरार था।  महिला  ने कांग्रेस नेता से अपनी जान का खतरा बताते हुए पुलिस से लिखित शिकायत भी की थी।

युवा कांग्रेस का पूर्व  ग्रामीण जिलाध्यक्ष आसिफ मेमन   ई-68, ऐश्वर्या किंग्डम कचना रोड निवासी नूर बेगम (56) की मोवा में 0.704 हेक्टेयर जमीन है। इस जमीन को खरीदने का सौदा राजा तालाब निवासी युवा कांग्रेस के पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष आसिफ मेमन ने परिचित नूर बेगम से वर्ष 2018 में तीन करोड़ नौ लाख 76 हजार रुपये में तय किया था। 26 जून 2018 को जमीन की रजिस्ट्री कराते समय आसिफ  ने सौदे के मुताबिक तयशुदा रकम का सात चेक नूर बेगम को दिया था। बैंक में जमा करने पर सातों चेक एक-एक करके बाउंस होते गए।

पीडि़ता ने इसकी जानकारी देते हुए आसिफ से पूरे पैसे की मांग की तो उसने देने से साफ इन्कार कर दिया। परेशान होकर नूर बेगम ने  न्यायालय में परिवाद पत्र दायर किया था। मामले में सप्तम अपर जिला न्यायाधीश वंदना दीपक देवांगन ने नूर बेगम के पक्ष में फैसला सुनाते हुए आसिफ के नाम पर रजिस्ट्री हुई बेशकीमती जमीन को शून्य घोषित कर दिया। और 
कोर्ट ने सिविल लाइन पुलिस को जल्द से जल्द आरोपी कांग्रेस नेता आसिफ मेमन को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।

आसिफ चार साल से फरार था। और कोर्ट ने स्थाई वारंट जारी किया था। इसके बाद से पुलिस उसके छिपने के हर ठिकाने पर दबिश दे रही थी। साथ ही मोबाइल टॉवर के जरिए भी उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही थी। कोर्ट से निर्देश के बाद सिविल लाइन पुलिस ने तलाश तेज की, और करीब डेढ़ महीने बाद बालाघाट के कान्हा से गिरफ्तार किया। 


अन्य पोस्ट