रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मई। शहर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। और पुलिस फरार आरोपियों पर मामूली धाराओं के तहत मामले दर्ज कर इतिश्री कर
रही है।
सरस्वती नगर इलाके के नया तालाब पार कोटा कॉलोनी में महिला किराना कारोबारी दामिनी मानिकपुरी ( 26) को रात 9.30 बजे आरोपी महेंद्र धीवर चाकू मारकर फरार हो गया। इस हमले में युवती के पेट समेत शरीर के कई हिस्सों में चाकू से घाव हुए हैं। बताया गया है कि दामिनी की बहन, महेंद्र के दोस्त के साथ कहीं चली गई है। इसे लेकर दामिनी, महेंद्र के बीच विवाद चल रहा था। इसी बात पर कल रात महेंद्र ने यह हमला किया। और पुलिस ने 294,323,506 मारपीट गाली गलौज जैसी मामूली धाराओं में मामला दर्ज किया । दामिनी की हालत खतरे से बाहर है।
इधर शिव मंदिर राजातालाब के पास आधी रात अंकुश चौधरी, दीपक ,राजा कमल नाम के युवकों ने मो.रेहान (27) के साथ बिना कारण गाली गलौज कर हाथ मुक्के और लात मारकर घायल किया। रात दे बजे रेहान की रिपोर्ट पर सिविल लाइंस पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया । उधर अभनपुर के छोटे उरला शराब दुकान पर प्रताप ठाकुर ने ललित चतुर्वेदानी (36) से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। ललित के न देने पर प्रताप ने जान से मारने की धमकी दे हाथ मुक्के और चुड़ा से वार किया। ललित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
