रायपुर

शुक्ला स्मृति कॉलेज में राष्ट्रीय गणित दिवस मना
16-May-2024 6:47 PM
शुक्ला स्मृति कॉलेज में राष्ट्रीय गणित दिवस मना

रायपुर, 16 मई। शा. पं. श्यामाचरण शुक्ल महाविद्यालय धरसींवा में राष्ट्रीय गणित दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसका समापन और पुरस्कार वितरण मंगलवार को किया गया। उक्त कार्यक्रम छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा प्रायोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए कई प्रतियोगिताएं जैसे रंगोली, पोस्टर मेकिंग, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पीपीटी प्रेजेंटेशन इत्यादि शामिल थे। साथ ही साथ विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के लिए अन्य संस्थानों के विषय विशेषज्ञों का व्याख्यान आयोजित किया गया जिसमें डॉ. समीर दशपुत्रे सहायक प्रोफेसर शा. महाविद्यालय अर्जुन्दा एवं डॉ. बीएसपी त्रिपाठी सहायक प्रोफेसर साइंस कॉलेज रायपुर ने विशेष व्याख्यान दिया।

कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि  डॉ. सीमा शुक्ला, विशेषज्ञ चिकित्सक आयुर्वेद, धरसींवा ने गणित विषय का महत्व बताते हुए आगे भी इसी प्रकार प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल विद्यार्थियों एवं विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र दिया गया। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. निधि देवांगन ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी एवं इसके उद्देश्यों से अवगत कराया। कार्यक्रम की आयोजक सचिव डॉ. जी. नाग भार्गवी द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम में हेमंत देशमुख, डॉ. स्वाति शर्मा,  प्रशांत रथ, श्रीमती शीतल वर्मा, निधि साहू,  गरिमा देवांगन, दीक्षा साहू, कन्हैया लाल एवं कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शबनूर सिद्दिकी के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।


अन्य पोस्ट