रायपुर
टीबी मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को तिलांजलि
जिम्मेदार अधिकारी कह रहे कुछ नहीं बताएंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 मई। छत्तीसगढ़ के 55 हजार टीबी मरीजों की जिंदगी खतरे में पड़ गई है। राजधानी से लेकर सरगुजा तक टीबी मरीजों को दवा नहीं मिल रही । छत्तीसगढ़ को टीबी मुक्त करने के लक्ष्य की अवधि पिछले साल खत्म हो गई है। देश में प्रति एक लाख में 160और छत्तीसगढ़ में इस औसत से भी अधिक 190 टीबी के मरीज हैं।
दवा क्यों नहीं मिल रही, या दी जा रही है, इस संबंध में स्टोर इंचार्ज डॉ.रेणुका का कहना था कि कुछ नहीं बताउंगी। केंद्र सरकार ने देश को 2025और छत्तीसगढ़ को 2023 तक टीबी मुक्त करने का लक्ष्य तय किया था। 2023 बीते पांच माह बीत चुके हैं, और दवा छ:माह से नहीं मिल रही। प्रदेश के 55 हजार मरीज, दवा के अभाव में हरेक सांस से जूझ रहे हैं। दवा बंद होने से मरीजों में ड्रग रेसिस्टेंट टीबी विकसित होने का भी खतरा बढ़ गया है।
इनकी हालत किसी भी दिन बिगड़ सकती है। यह दवा, छमाह के लिए एक साथ देने की व्यवस्था हैं,लेकिन हाल के दिनों में यह 2-4 दिन की ही दी जा रही है। यह दवा बाजार में भी नहीं मिलने से मरीज परेशान हैं। मरीजों की ऐसी ही दिक्कतों में मदद के लिए जिलों में 2-2 टीबी मितान नियुक्त किए गए हैं जो बिना काम के मानदेय ले रहे हैं।
दूरदराज के सरगुजा से मिली जानकारी के अनुसार वहां 1300 मरीज हैं। पिछले पांच महीनों में प्राथमिक लक्षण वाले 500 नए मरीज भी चिन्हित हो चुके हैं। और ये सभी दवा न मिलने से जूझ रहे हैं। स्थानीय डॉक्टर पास वाले मरीज को दो दिन, दूर वालों को 5-15 दिन में एक बार दवा देने मजबूर हैं। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग वयस्कों और बुजुर्गों को बीसीजी के टीके लगाने की तैयारी कर रहा है। दावा है कि यह टीका 15 साल तक सुरक्षा देगा। इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग क्राइटीरिया बना रहा है। वैसे यह टीका नवजात बच्चे को जन्म लेते ही लगा दिया जाता है।
दवाओं की कमी पर विभाग की स्टोर इंचार्ज डॉ रेणुका ने पहले ते कहा कि कोई कमी नहीं है, दी जा रही हैं। जब हमारी पड़ताल के आधार पर प्रतिप्रश्न किए गए तो सीधे कहा- नहीं बताऊंगी। पहले विधानसभा और फिर लोकसभा चुनावों में व्यस्त सरकार स्वास्थ्य मंत्री की इस पर बेरूखी समझ से परे है। विभाग के अफसरों का यह भी दावा है कि दवाएं स्टोर मैं रखीं हैं जिले वाले लेकर नहीं जा रहे। सभी जिलों में बंट गई है, 4-5 जिले शेष है। बार बार कॉल करने के बाद भी नहीं ले जा रहे। वहीं रायपुर, बिलासपुर के लोग तो कई बार लेकर जा चुके हैं।
इस संकट पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.राकेश गुप्ता ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, मुख्यमंत्री को टैग करते हुए ट्वीट किया है कि पूरे प्रदेश में दवाइयां नहीं है, बाजार में भी नहीं विमल रहीं।