रायपुर

5 जून से प्री-मानसून बौछारें
14-May-2024 2:23 PM
5 जून से प्री-मानसून बौछारें

तब तक मौसम यूं ही रहेगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 मई। कभी 40 डिग्री धूप तो कभी हल्की बारिश के साथ उमस से त्रस्त प्रदेशवासियों के लिए खुशखबरी है।  मौसम विभाग के डिप्टी डायरेक्टर जनरल एमएल साहू ने बताया कि अंडमान में मानसून आ गया है। केरल में मानसून सक्रिय होने की सामान्य तारीख 1 जून है। उसी के बाद आईएमडी से मानसून की देश में सक्रिय होने की लांग रेंज फोरकास्ट जारी होगी। फिर भी,  5 जून से छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून बौछारें और 15 जून के आसपास मानसूनी वर्षा शुरू हो सकती है।

अभी छत्तीसगढ़ में जो बादल छाए हैं, वह दक्षिणी कर्नाटक पर सक्रिय चक्रवात के असर से आए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक इसके अलावा एक और चक्रवात सक्रिय है, जिसका असर अगले 24 घंटे तक छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, विदर्भ और मराठवाड़ा तक रहेगा। सोमवार को इसी के असर से इन राज्यों में कई जगह दोपहर से शाम तक 40 किमी की रफ्तार से अंधड़ चले हैं। मंगलवार, 14 मई को भी रायपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्से में दोपहर से शाम के बीच अंधड़ चलने तथा बारिश के आसार हैं।

मंगलवार को भी राजधानी का मौसम कुछ एैसा ही रहा। दिन में तेज धूप और शाम होते तक अंधड़ के साथ हलकी बारिश हुई। कुछ जिलों में दोपहर का तापमान झुलसाने वाली गर्मी रही लेकिन देखते ही देखते मौसम नर्म होने लगा।  मौसम विज्ञानियों के अनुसार मंगलवार को भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं। वहीं, एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने और अंधड़ चलने की संभावना है। साथ ही राजधानी में मौसम आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना जताई जा रही है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने के संकेत हैं।


अन्य पोस्ट