रायपुर

मौखिक आदेश पर रखे गए श्रमिकों को वैसे ही निकाला जा रहा
13-May-2024 4:07 PM
मौखिक आदेश पर रखे गए श्रमिकों को वैसे ही निकाला जा रहा

वन विभाग में दैवेभो निकाले गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 मई। छत्तीसगढ़ वन विभाग में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी (दैवेभो )कर्मचारियों को जैसे भर्ती की गई वैसे ही बिना किसी आदेश के कार्य से अलग कर दिया गया। इनकी नियुक्ति भी बिना किसी विग्यापन जारी किए,किसी मंत्री, अफसर ने कहा तो सी सी एफ, डीएफओ, डिप्टी रेंजर को निर्देश देकर रख लिया गया । और ये काम करते रहे मंत्री, विधायक और साहबों के बंगलों में।

2017 में राज्य सरकार ने ही दैवेभो को रखे जाने पर आदेश जारी कर रोक लगाया था । लेकिन 2018 में सरकार बनते ही धड़ल्ले से नियुक्तियां होने लगे। पूर्व मंत्री, विधायकों ने अपने कार्यकर्ताओं नेताओं के कहने पर करीब के 10-20 लोगों को रखवा देते। अकेले रायपुर डीएफओ के अधीन 2400 दैवेभो काम कर रहे थे। इनमें से अधिकांश बंगला ड्यूटी पर रखे गए। कुछ तो कब्रस्तान में चौकीदारी के लिए भी नियुक्त किए गए थे। इनमें से किसी को भी नियुक्ति आदेश नहीं। इनके नियोक्ता और डीडीओ डिप्टी रेंजर, फारेस्ट गार्ड होते हैं। इनकी आड़ में ये लोग भी अपना खर्च निकाल लेते हैं। मसलन कुछ फर्जी नाम पर वेतन डकार लेते हैं। हर दैवेभो को कलेक्टर दर पर 10100 रूपए महीने का वेतन दिया जाता है ।

पिछले दिनों, आचार संहिता लगने के बाद पूरे प्रदेश में सीसीएफ डीएफओ, डिप्टी रेंजर को मौखिक आदेश कर सभी दैवेभो को हटाने कहा गया। इन  श्रमिकों के विरोध पूछताछ करने पर बजट नहीं दिया जा रहा है, कहा गया। रायपुर में 490 लोगों को हटाया जाना था। इसी तरह से महासमुंद में कार्यरत  225 मे से 156 को हटाया जाना है । विरोध बढ़ा तो कुछ रखे गए। इनमें डाटा एंट्री आपरेटर, प्रोग्रामर, सहायक प्रोग्रामरऔर कुछ दैवेभो संघ के नेता शामिल हैं। श्रमिकों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया । महासमुन्द के 225 मे से 69 के लिए बजट दिया गया,मतलब 156 बाहर कर दिए गए । 15-25 वर्षों से कार्यरत कई श्रमिकों के भी निकाल दिया गया है। इन्हें निकालकर, बचने वाली राशि अफसरों के आगे पीछे रहने वाले डाटा एंट्री ऑपरेटर, प्रोग्रामर के वेतन बढ़ाए गए हैं। एक तरफ सरकार दैवेभो के नियमितीकरण का वादा कर चुकी है और दूसरी ओर दो ढाई दशक से काम कर रहे लोगों को निकाला जा रहा है । ये श्रमिक पीसीसीएफ, और वन मंत्री से मिलना चाहते हैं लेकिन वे समय नहीं दे रहे ।


अन्य पोस्ट