रायपुर

बृजमोहन को तीन लोकसभा, किरण को बोकारो, और सोरेन की बहु का प्रचार करेगी लक्ष्मी राजवाड़े
13-May-2024 4:06 PM
बृजमोहन को तीन लोकसभा, किरण को बोकारो, और सोरेन की बहु का प्रचार करेगी लक्ष्मी राजवाड़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 मई। प्रदेश भाजपा के सीनियर नेताओं को ओडि़शा और झारखंड में चुनाव प्रचार की अहम जिम्मेदारी दी गई है। सरकार के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को दो लोकसभा का प्रभारी बनाया गया है। यही नहीं, प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव, सरकार के मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल व लक्ष्मी राजवाड़े को भी झारखंड में अलग-अलग लोकसभा का प्रभार दिया गया है।

स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की सबसे ज्यादा डिमांड है। उन्हें बेहतर चुनाव संचालक माना जाता है। यही वजह है कि केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने खुद होकर उन्हें अपने लोकसभा क्षेत्र संबलपुर में प्रचार के लिए आने के लिए कहा है। हालांकि पार्टी हाईकमान ने उन्हें बलांगीर और कटक की जिम्मेदारी दी है।

बृजमोहन काटाभांजी में कैंप करेंगे। दो-तीन दिन बाद वो संबलपुर जाएंगे। हालांकि संबलपुर में पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय और शिवरतन शर्मा की ड्यूटी भी लगाई गई है। दूसरी तरफ, सरगुजा संभाग के नेताओं को झारखंड भेजा गया है। प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव भी झारखंड में है और उन्हें बोकारो का प्रवासी चुनाव प्रभारी बनाया गया है।

बताया गया कि सरकार के मंत्री रामविचार नेताम को गिरडीह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक को जमशेदपुर लोकसभा की जिम्मेदारी दी गई है। महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को दुमका लोकसभा का प्रभारी बनाया गया है। दुमका से पूर्व सीएम शिबु सोरेन की बहू भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन चुनाव लड़ रही हैं। इसी तरह स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को राजमहल लोकसभा क्षेत्र का दायित्व सौंपा गया है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह को गोडा लोकसभा की जिम्मेदारी दी गई है। यहां से सीनियर सांसद निशिकांत दुबे चुनाव मैदान में हैं। सीएसआईडी के पूर्व चेयरमेन छगललाल मुंदड़ा को ओडि़शा के बरगड़ लोकसभा प्रत्याशी प्रदीप पुरोहित, और झारसुगड़ा के विधानसभा प्रत्याशी टंकधर त्रिपाठी के चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है। सांसद सुनील सोनी, और केदार गुप्ता को भी क्रमश: ओडि़शा व झारखंड में चुनाव प्रचार के लिए भेजा गया है।


अन्य पोस्ट