रायपुर

33 खदानों में उत्पादन शुरू नहीं हो पा रहा, वनों की वजह से
11-May-2024 10:39 PM
33 खदानों में उत्पादन शुरू नहीं हो पा रहा, वनों की वजह से

क्रिटिकल मिनरल्स के प्रोसेसिंग में आगे बढ़े छत्तीसगढ़-राव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 मई। छत्तीसगढ़ में खनन स्वीकृति के बाद भी 36 में से बलौदाबाजार और केसला की 2 खदानों में ही उत्पादन शुरू हो पाया है । तीसरे गुमा खदान से इस माह के अंत तक शुरू हो जाएगा । ये सभी लाइम स्टोन की खदानें हैं। वन एवं पर्यावरण की मंजूरी में विलंब की वजह से खनन शुरू नहीं हो पाया है । इसके लिए प्रस्ताव 1-6 वर्षों से लंबित हैं। ये सभी खदाने कोयला छोडक़र अन्य खनिजों के हैं। यह जानकारी, शुक्रवार को  केंद्रीय खनिज सचिव  व्ही.एल. कान्ता राव को राज्य के अफसरों ने दी। वे प्रदेश के राजस्व, पर्यावरण, खनिज विभाग के सचिवों और  अधिकारियों की  बैठक ले रहे थे। इसमें  बैठक में खनिज विभाग के सचिव  पी.दयानंद ने प्रदेश में खनिज साधन विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों और कार्यों के बारे में बिन्दुवार जानकारी दी।

 श्री राव ने औद्योगिक इकाईयों के प्रतिनिधियों से  प्रदेश में खनन तथा खनिज उद्योगों के  कार्यों की जानकारी ली और उनकी समस्याएं भी सुनी।  श्री राव ने कहा कि उत्खनन क्षेत्र में ग्रीन माईनिंग की नवीन तकनीक का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि खनन और खनिज उद्योगों में ग्रीन एनर्जी का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने खनिज संसाधनों का जीडीपी में वर्तमान में दो प्रतिशत की भागीदारी को बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने क्रिटिकल मिनरल्स की प्रोसेसिंग के क्षेत्र में आगे बडऩे का सुझाव दिया।

 केन्द्रीय सचिव श्री राव ने कहा कि स्वीकृत खदानों को जल्द से जल्द ऑपरेशनल बनाने  बिडर्स और संबंधित विभागों के बीच अधिक समन्वय से काम किया जाना चाहिए। इसके लिए उन्होंने खनिज साधन विभाग के सचिव की अध्यक्षता में ऐसे समस्त विभागों के सचिवों, जिनसे स्टेकहोल्डर्स को सहमतियां लेनी होती है, की माईनिंग रिव्यू कमिटी गठित की जाए। साथ ही समय-समय पर बैठक आयोजित कर स्वीकृत ब्लाकों में खनन संबंधी गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करने को कहा।

केन्द्रीय सचिव ने खनिज अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ऐसी खदाने जो बंद हो चुकी हैं उनमें अवैध उत्खनन न हो, बंद खदानों में यदि खनिज है तो उनमें खनन के लिए जरूरी प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। माईनिंग क्लोजर और बंद खदानों को हैण्ड ओवर करने की समीक्षा राज्य स्तर पर नियमित रूप से की जाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ उन चुनिंदा राज्यों में शामिल है, जहां डीएमएफ का ऑनलाईन पोर्टल संचालित है। केन्द्रीय सचिव ने डीएमएफ से हितग्राहीमूलक नवीन गतिविधियों को बढ़ाने, खनन प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की मांग पर अधोसंरचना विकास के काम किए जाने चाहिए।

उन्होंने खनन क्षेत्र की नीलामी के बाद ऑपरेशनल बनाने के लिए आगे की कार्रवाई की सुगमता और मॉनिटरिंग के लिए सेल गठन के संबंध में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने नेशनल जियोसाइंस डेटा रिपॉजिटरी के संचालन और उसके उपयोगिता की जानकारी भी साझा की।

खनिज  सचिव  पी. दयानंद ने कहा कि खनन क्षेत्र से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर्स ने आज महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। इन सुझावों पर निश्चित रूप से विचार किया जाएगा। उन्होंने केन्द्रीय सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने की बात दोहराई।  संयुक्त संचालक अनुराग दीवान ने प्रदेश में खनन गतिविधियों और उनके महत्व पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया।


अन्य पोस्ट