रायपुर

शोलापुरी माता के दर्शन करने बारिश के बाद भी भक्तों का तांता
08-May-2024 8:16 PM
शोलापुरी माता के दर्शन करने बारिश के बाद भी भक्तों का तांता

बाल पुजारियों ने किया मतदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 मई। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में श्री श्री शोलापुरी माता पूजा में भारी बारिश के बाद भी भक्तों का तांता लगा रहा। इस 9 दिवसीय पूजन के दौरान भक्तों को माता के अलग-अलग रूपों के दर्शन हो रहे हैं। शोलापुरी माता पूजा के चौथे दिन कामेश्वरी देवी के दर्शन हुए। आने वाले दिनों में माता के महाकाली स्वरूप समेत दुर्गा के अन्य रूप देखने को मिलेंगे।

बाल पुजारियों ने किया मतदान

बाल पुजारी एम. अंकित, पी.विजय, के. रवि ने लोकतंत्र के पर्व में शामिल होकर वोट डालते हुए जागरूकता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि हमने तो मतदान कर देश के प्रति अपना फर्ज निभाया है।

कुमकुम पूजा कल

श्री श्री शोलापुरी माता पूजा समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष कुमकुम पूजा किया जाता है। इस विशेष पूजा के बारे में पुजारी पी.मोहन राव ने बताया कि शक्ति की साधना में कुमकुम का विशेष महत्व होता है। कुमकुम को अनंत मात्रा प्रदान करने वाला अर्थात स्त्रियों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करने वाला होता है।

उन्होंने बताया कि कुमकुम हल्दी और अन्य तत्वों से बना होता है जो प्रकृति में मौजूद बेहतरीन शक्ति या कहें कि देवी-देवताओं के सार को आकर्षित करने की क्षमता में वृद्धि करता है। देवी-देवताओं की कुमकुम से पूजा करना बहुत फायदेमंद होता है क्योंकि यह देवी-देवताओं से जुडऩे का एक आसान तरीका है ताकि वे आपके अनुकूल हो जाएं।


अन्य पोस्ट