रायपुर

पीएम सूर्यघर योजना की गति तेज करनी होगी, वेंडर बढ़ाने के निर्देश
07-May-2024 7:51 PM
पीएम सूर्यघर योजना की गति तेज करनी होगी, वेंडर बढ़ाने के निर्देश

आरईसी के सीएमडी देवांगन ने ली समीक्षा बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 मई। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज मुख्यालय में आरईसी (ग्रामीण विद्युतीकरण निगम) के सीएमडी  विवेक कुमार देवांगन ने विद्युत योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पीएम-सूर्यघर एवं आरडीएसएस योजना के  कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए ।और कहा कि इस योजना को प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं तक पहुँचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। शहरी क्षेत्रों में बने पक्के मकानों की छतों में सोलर पैनल लगाकर लोगों को बिजली उत्पादन के लिए प्रेरित करें, इससे उनके घर का बिजली बिल बहुत कम हो जाएगा।

डंगनिया स्थित मुख्यालय विद्युत सेवा भवन में सोमवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़  पॉवर कंपनीज के चेयरमेन  पी दयानंद ने  की। इस अवसर पर एमडी  राजेश कुमार शुक्ला एवं  एसके कटियार  उपस्थित थे।

श्री देवांगन ने कहा कि पीएम सूर्यघर योजना, आर.डी.एस.एस का प्रस्तुतिकरण देखा तथा बिंदुवार विषयों की समीक्षा की। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इन दोनो योजनाओं के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ को देश के पाँच अग्रणी राज्यों में शामिल कराने  गंभीरता से प्रयास करेंगे।

श्री देवांगन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे  इस योजना के लिए बैंक से वित्तीय ऋण उपलब्ध कराने में सहयोग करें। उन्होंने वेंडरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि प्रति सौ उपभोक्ताओं के बीच एक वेंडर हो। वेंडर से संपर्क स्थापित कर इस प्रक्रिया को 15 से 20 दिन में पूर्ण कराएं ताकि इस योजना के लक्ष्य को जल्द से जल्द प्राप्त कर लिया जाए।


अन्य पोस्ट