रायपुर

आयुर्वेदिक चिकित्सकों का हर पांच साल में पंजीयन आवश्यक
03-May-2024 7:06 PM
आयुर्वेदिक चिकित्सकों का हर पांच साल में पंजीयन आवश्यक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 मई। छत्तीसगढ़ आयुर्वेदिक यूनानी परिषद रायपुर द्वारा दो दिवसीय आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (एचपीआर) कार्यशाला आयोजित किया गया।   संयुक्त संचालक आयुष डॉ. सुनील दास, प्राचार्य डॉ जी.आर.चतुर्वेदी, स्टेट नोडल अधिकारी डॉ. केआर सोनवानी, परिषद के रजिस्ट्रार डॉ. संजय शुक्ला, चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. प्रवीण जोशी, परिषद के सदस्य डॉ. डीके कटरिया एवं आयुर्वेद चिकित्सक संघों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

डॉ. दास ने कहा कि इस पोर्टल में प्राइवेट प्रैक्टिशनर सहित सभी शासकीय चिकित्सकों और शिक्षकों को पंजीयन हेतु प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ऐसे कार्यशाला भविष्य में निरंतर आयोजित होते रहेंगे। प्राचार्य डॉ. जी.आर. चतुर्वेदी ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में एआई और इंटरनेट के बढ़ते उपयोग के लिहाज से आयुर्वेद के नई पीढ़ी को इस मिशन का भरपूर उपयोग अपने चिकित्सा पेशा में करना चाहिए।

  परिषद के रजिस्ट्रार डॉ. संजय शुक्ला ने बताया कि भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग नई दिल्ली के अधिनियम एवं विनियम के अनुसार सभी आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सकों को प्रत्येक 5 वर्षों में अपने पंजीयन का नवीनीकरण कराना आवश्यक है। नवीनीकरण के लिए चिकित्सकों को पांच वर्ष के दौरान 50 क्रेडिट पाइंट अर्जित करना अनिवार्य है जिन चिकित्सकों का पंजीयन इस मिशन के तहत एचपीआर पोर्टल में होगा उन्हें 10 क्रेडिट पाइंट सीधे प्राप्त होंगे। इसके अलावा इस पोर्टल में पंजीकृत चिकित्सकों को डिजिटल डॉक्टर सर्टिफिकेट मिलेगा जिससे उनकी विशेषज्ञता साबित होगी। कार्यशाला के समापन पर आभार प्रदर्शन  डॉ.अनुज खरे एवं डॉ नरेन्द्र भुवाल ने किया।


अन्य पोस्ट