रायपुर

कांग्रेस अब एक राजनीतिक दल नहीं, देश विरोधियों का गिरोह-भाजपा
13-Apr-2024 8:57 PM
कांग्रेस अब एक राजनीतिक दल नहीं, देश विरोधियों का गिरोह-भाजपा

रायपुर, 13 अप्रैल। प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कन्हैया कुमार के बतौर स्टार प्रचारक छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस की दयनीय दशा और वैचारिक दरिद्रता पर जमकर हमला बोला है। शर्मा ने कहा कि भारत माता  का अपमान करने वाले ,आतंकियों का समर्थन करने वाले कन्हैया कुमार कांग्रेस के स्टार प्रचारक हैं यही कांग्रेस का असली चेहरा। शर्मा ने कहा कि ऐसे वैचारिक भटकाव के चलते इतिहास बनाने के दावे करती कांग्रेस बहुत जल्द इतिहास बनने की ओर अग्रसर हो रही है।

श्री शर्मा ने शनिवार को पत्रकारों से कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि भारत तेरे टुकड़े होंगे इंशाअल्लाह, अफजल हम शर्मिंदा हैं-तेरे कातिल जिंदा हैं। जैसे नारे जिनके नेतृत्व में लगने के आरोप है  और सेना के जवानों पर महिलाओं के साथ बलात्कार करने जैसे निंदनीय आरोप मढऩे वाले, भारत माता के जयकारे का मजाक उड़ाने वाले ,कन्हैया कुमार का कांग्रेस पोषण कर रही है।

श्री शर्मा ने कहा कि सेना के जवानों पर बलात्कार जैसे घृणित आरोप मढऩे वाले कन्हैया कुमार तब दिल्ली के जेएनयू में जश्न मना रहे थे, जब छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सेना के 72 जवान शहीद हुए थे। क्या कांग्रेसी और कन्हैया कुमार अपने इस आचरण के लिए कभी शर्मिंदगी महसूस करेंगे।

श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की राष्ट्रभक्त जनता राष्ट्रविरोधी मानसिकता को करारा जवाब देना अच्छी तरह जानती है। प्रेस ब्रीफ में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी  उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट