रायपुर

शराब की नई दरें लागू, 11 हजार करोड़ राजस्व लक्ष्य
01-Apr-2024 4:12 PM
शराब की नई दरें लागू, 11 हजार करोड़ राजस्व लक्ष्य

कई पड़ोसी राज्यों से भी कम कीमत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 अप्रैल।  राज्य में वर्ष 24-25 के लिए शराब की नई दरें बीती रात से लागू कर दी गईं हैं। आबकारी विभाग ने यह आदेश जारी कर दिया है। यह दर काउंटरवेलिंग ड्यूटी और आबकारी शुल्क को छोडक़र तय की गई है। इसे लेकर विभाग ने 52 पेज का विस्तृत आदेश जारी कर दिया है।

सूत्रों के मुताबिक विभाग ने इस वर्ष 11हजार करोड़ के राजस्व का लक्ष्य रखा है । इसके लिए न तो दुकाने बढ़ाईं गई न शराब की कीमतों में कोई बड़ी वृद्धि। पूरा कारोबार पुरानी 630 से अधिक दुकानों से ही होगा।

 बताया गया है कि प्रदेश में बीते चार वर्षों से शराब की कीमतें नहीं बढ़ाई गई थी। इसके पीछे दो नंबर की बिक्री मुख्य कारण रहा है। इसकी आमदनी के दो हिस्से होते रहे  व्हाइट में सरकारी खजाने में जाता और ब्लैक में राजनीतिक नेतृत्व को। उस वक्त दो नंबर की इस कमाई से टैक्स का बड़ा हिस्सा बच जाता था। इस लिए  पिछली सरकार भी रेट बढ़ाने के पक्ष में नहीं रही।

बहरहाल इस बार नई  सरकार ने इस दो नंबर के धंधे को खत्म करने की ठानी है। इसलिए हर तीन माह में रेट आफर की प्रक्रिया लाने का फैसला किया। इसके तहत  कंपनी और डिस्टलरो ने पहली तिमाही के लिए 10-12 फीसदी वृद्धि के साथ रेट आफर किया। लेकिन इस दर पर वृद्धि के लिए सरकार की मनाही के बाद शराब कंपनी सीएमसी ने नेगोशिएशन कर 5-6 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूर किया। इस तरह से देशी,विदेशी हर ब्रांड के पौव्वा,अध्दी और बॉटल में मात्र 5-6 फीसदी वृद्धि की गई है। यानी कोई शराब 31मार्च तक 100 रूपए में मिलती रही वे अब 105-106 की औसत दर पर मिलेगी। वहीं पड़ोसी राज्यों में यह वृद्धि 10 फीसदी से अधिक है।  मप्र में  15 फीसदी महंगी की गई है।


अन्य पोस्ट