रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 अप्रैल। आबकारी निगम के मुख्यालय में ट्रांसपोर्ट ठेकेदारों के बीच हुई मारपीट में तेलीबांधा पुलिस 294, 506, 323, 34 की रूटिन धाराओं के तहत दर्ज किया है। जबकि इन ठेकेदारों और उनके गुर्गों ने दौड़ा-दौड़ाकर निगम मुख्यालय के भीतर भी मारपीट की। इस मामले में पुलिस का कहना है कि किसी भी शासकीय या निगम कर्मी ने कोई शिकायत नहीं की।
प्रदेश के 15 जोन में शराब परिवहन के लिए ट्रांसपोर्टिंग के लिए शुक्रवार को हुए रेट कांट्रेक्ट प्रक्रिया के दौरान दो फर्मों के संचालकों में मारपीट हुई थी।इनमें रणधीर सिंह और दुर्गाप्रसाद अग्रवाल शामिल हैं । रणधीर , अशोक सिंह, पप्पू और सहयोगियों ने दौड़ा दौड़ाकर अग्रवाल को पीटा था। जान बचाने अग्रवाल आबकारी भवन के भीतर जा घुसा। रणधीर ने वहां से भी बाहर निकाल पिटाई की। इस हंगामें से निगम के अधिकारी कर्मचारी दहशत में रहे वहीं एमडी अभिषेक अग्रवाल ने कड़ी नाराजगी जताई। उनके निर्देश पर तेलीबांधा पुलिस को सूचना दी गई । टीआई के मुताबिक जांच के बाद एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें अग्रवाल ने कहा है कि रणधीर सिंह और साथियों ने शराब परिवहन का टेंडर कम रेट में लेने को लेकर गाली-गलौज और मारपीट कर जान लेने की धमकी दी गई।
सूत्रों के मुताबिक सिंह और अग्रवाल पहले पार्टनर रहे हैं लेकिन बाद में अलग हुए । शुक्रवार को कम दर भरकर कांट्रेक्ट हासिल करने के बाद उसने सिंह की ओर देखकर चिढ़ाया। इससे भडक़े सिंह हमलावर हो गया। बताया गया है कि अग्रवाल ने निगम के तय रेट 25रूपए से भी कम 13 रूपए कोट कर कांट्रेक्ट हासिल किया है।
एक अप्रैल से शुरू हो रहे नए कारोबारी वर्ष के लिए आबकारी निगम ने शराब आपूर्ति, परिवहन और शराब दुकानों की सुरक्षा, प्लेसमेमट से संबंधित ठेके की प्रक्रिया पूरी कर ली है । सोमवार से शराब का नया कारोबार भी शुरू हो गया।