रायपुर
बृजमोहन बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष चुने गए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 मार्च। शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को राज्य बाल कल्याण परिषद की सामान्य सभा ने निर्विरोध अध्यक्ष चुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि परिषद गरीब और दिव्यांजन बच्चों के लिए विभिन्न कार्यों के संचालन कर रहा है। जिसमे जीवन ज्योति बालगृह (बालिका) रायपुर, कोंडागांव, बालगृह (बालक) माना कैम्प, खुला आश्रय गृह, स्पीच एंड हियरिंग थेरेपी सेंटर शामिल है।
उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार ने परिषद को नया रायपुर में स्पीच एंड हियरिंग थेरेपी सेंटर खोलने की मंजूरी दे दी है जिसके लिए राज्य सरकार 30 एकड़ भूमि का आवंटन करेगा। राज्य सरकार के बजट में भी बाल भवन के लिए प्रावधान किया गया है। सप्रे स्कूल में स्पीच थेरेपी सेंटर खोला जाएगा और माना बाल गृह में सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। इतना ही नहीं आने वाले समय में दिव्यांग बालक बालिकाओं के लिए विशेष पोस्ट मैट्रिक शिक्षण संस्थान भी खोला जाएगा।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में परिषद की उपेक्षा के कारण आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। जिसको सुधारने के लिए पाठ्य पुस्तक निगम की तरफ से 5 लाख रुपए प्रति वर्ष दिए जाएंगे। उन्होंने अपनी तरफ से भी परिषद को 5 लाख रुपए देने की घोषणा की।
बैठक में चंद्रेश शाह को महासचिव, श्रीमती इंदिरा जैन को कोषाध्यक्ष, डॉ अशोक त्रिपाठी को उपाध्यक्ष महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े को वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। साथ ही परिषद की कार्यकारिणी में सदस्यों की संख्या 10 से बढ़ाकर 25 कर दी गई।