रायपुर

चरित्र संदेह के चलते पत्नी के सिर पर रॉड मार कर हत्या, फिर खुद फंदे पर झूल गया
20-Feb-2024 7:20 PM
 चरित्र संदेह के चलते पत्नी के सिर पर रॉड मार कर हत्या, फिर खुद फंदे पर झूल गया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 फरवरी। राजधानी के लाखे नगर इलाके में पत्नी की हत्या कर पति फंदे पर झूल गया। घटना सोमवार की है। पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर और राड से पीट-पीटकर हत्या करने के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर अपराध पंजीबद्ध कर मामले की पड़ताल कर रही है। दोनों के शव को पंचानामा कर पीएम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस को घटना की जानकारी उसके 15 वर्षीय बेटे ने दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुताबिक नरेश साहू  ने अपनी पत्नी मंजूषा साहू  की हत्या कर दी। उसके बेटे ने पुलिस को बताया है कि सोमवार को उसके माता पिता झगड़ा कर रहे थे। सुबह 11 बजे नरेश का बेटा स्कूल चला गया।

नरेश परिवार के साथ लाखेनगर के कांजी हाउस के पास स्वयं के मकान में रहता था। पुलिस को जांच में पता चला कि पत्नी अपने पति के चरित्र पर संदेह करती थी। इसी बात पर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। घटना के दिन भी उन दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि नरेश ने पहले हत्या कर दी इसके बाद खुद फंदे में लटक गया।

हत्या के बाद राड से चेहरे पर कई वार

मौके पर पहुंची पुलिस तथा फोरेंसिंक एक्सपर्ट की टीम ने जांच में पाया कि नरेश ने हत्या करने के बाद राड से पत्नी के चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर चेहरा विकृत कर दिया था। बिस्तर खून से पूरी तरह से भीग गया था। मंजूषा की मौत गला घोंटने के वजह से हुई है या राड के हमले से हुई है। इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।


अन्य पोस्ट