रायपुर

कॉलेज शिक्षकों के 31 सौ पद खाली
17-Feb-2024 1:58 PM
कॉलेज शिक्षकों के 31 सौ पद खाली

रिक्त पदों पर जल्द होगी भर्ती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 फरवरी।
प्रदेश में कॉलेज शिक्षकों के 31 सौ से अधिक पद खाली हैं। स्वीकृत पदों को भरने की दिशा में कार्रवाई चल रही है। उच्च शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विभाग के आला अफसरों के साथ बैठक भी कर चुके हैं। 

प्रदेश के ज्यादातर कॉलेजों में प्राचार्य नहीं हैं, और प्रभारी प्राचार्यों के भरोसे काम चल रहा है। उच्च शिक्षा मंत्री अग्रवाल ने विभाग के अफसरों के साथ बैठक कर पदोन्नति प्रकरण तुरंत निपटाने के लिए निर्देशित किया है ताकि प्राचार्यों के खाली पदों पर पदोन्नति हो सके। इसी तरह सहायक प्राध्यापकों की पदोन्नति से जुड़ी विसंगतियों को निपटाने की दिशा में प्रक्रिया चल रही है। 

बताया गया कि प्रदेश के सैकड़ों की संख्या में सहायक प्राध्यापक हैं, जिन्हें पदोन्नति नहीं मिल पाई है। कई के प्रकरण हाईकोर्ट में भी लंबित है। जिसमें पदोन्नति नियम को चुनौती दी गई है। इसी तरह नए कॉलेज खोल दिए गए हैं, लेकिन वहां शिक्षक नहीं है। जानकारी के मुताबिक प्रदेश में सहायक प्राध्यापक के 5315 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 3146 पद  ही भरे हैं, जबकि 2169 पद खाली हैं। 

बताया गया कि प्रदेश में प्राचार्यों के 335 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 43 पद भरे हैं, और 292 पद खाली हैं। इसी तरह प्राध्यापकों के 760 पद स्वीकृत हैं। 760 पद खाली हैं। कुल मिलाकर कॉलेज शिक्षकों के 3121 पद खाली हैं। वर्तमान में प्राचार्य के रिक्त पदों पर प्रभारी प्राचार्यों की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। प्राध्यापक और सहायक प्राध्यापक के रिक्त पदों पर अतिथि व्याख्याओं की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। 
 


अन्य पोस्ट