रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 फरवरी। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया था कि 12 फरवरी के बाद ठंड जाती रहेगी और अधिकतम तापमान बढता जाएगा। हिंदू कैलेंडर के मुताबिक माघ महीने से गर्मी बढऩी शुरू हो जाती है। आज सूर्य सप्तमी की तिथि है। दक्षिणी राज्यों में कहा जाता है कि आज के दिन से सूर्य सात घोड़ों के रथ पर सवार होकर निकलते हैं। आज के दिन घर के बाहर आंगन, छत पर सूर्यकिरण में गाय के दूध से खीर बनाकर सूर्योपासना की जाती है। कहने का आशय यह है कि आज से ग्रीष्म काल शुरू हो जाता है। इसके बाद के हर रोज़ सूर्य का ताप बढ़ता ही जाएगा।
वैसे प्रदेश में गुरूवार से ही तापमान सामान्य से अधिक हो चला है। कल दंतेवाड़ा में दिन का तापमान सर्वाधिक 34 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बीजापुर, बस्तर 33.7 ,राजनांदगांव 33 और रायपुर में 32 डिग्री रहा। वैसे बीती रात भी ठंड कम रही। केवल सरगुजा में ही रात का तापमान 12 डिग्री रहा। शेष प्रदेश में यह 13 से लेकर 21 डिग्री तक दर्ज किया।