रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 फरवरी। राजधानी के शक्तिपीठ मां महामाया माता मंदिर सार्वजनिक न्यास समिति द्वारा माघ महीने के गुप्त नवरात्रि में शनिवार से श्री दिव्य रुद्र महायज्ञ शुरू हो गया। सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ इसकी शुरूआत हो गई। मंदिर समिति के अध्यक्ष आनंद शर्मा, सचिव व्यास नारायण तिवारी, वरिष्ठ सदस्य शेखर दुबे, न्यासी विजय कुमार झा ने बताया है कि यज्ञ 18 फरवरी तक चलेगा। कलश यात्रा मंदिर परिसर से अमीनपारा, लीली चौक, लाखे नगर, सारथी चौक, होते हुए तात्यापारा चौक, से प्राचीन कंकाली तालाब पहुंचकर जल ग्रहण कर महिलाएं शीतला मंदिर तथा शीतला बाजार होते हुए मंदिर प्रांगण वापस हुई। रविवार से अग्निमंथन, अग्नि प्रज्वलन, बेदी पूजन, देव आवाहन, रुद्राभिषेक पूजन पश्चात हवन होगा।
12 फरवरी से 16 फरवरी तक नित्य प्रात 8 बजे से 11 बजे तक रुद्राभिषेक पूजन एवं 11 बजे से 12:30 बजे तक हवन कार्यक्रम होंगे। प्रतिदिन 12:30 से 3 बजे तक विश्राम पश्चात पुन: हवन, आरती प्रसाद, संध्या 3 बजे से 6 बजे तक होगा। 18 फरवरी को यज्ञ समाप्ति, पूर्णहुति महाआरती, सहस्त्रधारा, ब्राह्मण भोजन, भंडारा प्रसादी से संपन्न होगा। मंदिर न्यास समिति ने धर्म प्रिय श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में इस महायज्ञ में शामिल होकर यज्ञ वेदी की प्रतिदिन सुबह शाम परिक्रमा कर पूण्य प्राप्त करें।