रायपुर
दिवंगत नेताम को सदन में श्रध्दांजलि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 फरवरी। छत्तीसगढ़ विधानसभा ने कांकेर के पूर्व विधायक शिव नेताम के निधन पर अपनी श्रध्दांजलि अर्पित की। विधायकों ने दो मिनट का मौन धारण और सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित कर अपनी आदर प्रकट किया।
स्पीकर डॉ रमन सिंह, सीएम विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत, पूर्व सीएम भूपेश बघेल, किरण देव सिंह, अनिला भेंडिय़ा ने अपनी संस्मरण के साथ व्यक्तिगत क्षति बताया। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि स्व. नेताम और वे दोनों कांकेर कॉलेज में पढ़े। नेताम राजनीति में और मैं प्रशासनिक सेवा में आ गया।1994 में जब डिप्टी कलेक्टरों का चयन हुआ तो मेरा नाम नहीं आया था। पता किया तो छात्र जीवन के कुछ धरना प्रदर्शन के प्रकरण को लेकर रूका था। तब शिव नेताम मप्र में जीएडी मंत्री थे। उनसे संपर्क किया तो तीन दिन के भीतर एनओसी की कार्रवाई कर मेरी नियुक्ति का आदेश जारी करवाया।
अनिला भेंडिया ने स्व. नेताम के साथ अपने पारिवारिक संबंधों को बताकर श्रद्धांजलि दी। डॉ. महंत ने कहा कि वे औरन नेताम मध्यप्रदेश में एक साथ मंत्री रहे हैं और भोपाल की एक ही कॉलोनी में रहते थे। श्री नेताम ने उस दौारान भी हमेशा छत्तीसगढ़ क्षेत्र के विकास कार्यों की चिंता की।