रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 फरवरी। विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने से एक दिन पहले डॉ. रमन सिंह ने मीडिया से चर्चा में कहा कि केंद्रीय वित्तमंत्री ने डिजिटल बजट पेश किया था। हमारा प्रयास है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा भी नई तकनीक से जुडक़र काम करेगा।विधानसभा को पेपरलेस बनाया जाएगा। इससे सदन का कामकाज सरल होगा। इस समय विधानसभा के वेबसाइट में 40 से अधिक तरह की सूचनाएं उपलब्ध है। और ई विधान के जरिए भी सत्रावधि की पूरी कार्यवाही और प्रपत्र डे- टूडेे उपलब्ध है। इनमें अभिभाषण, बजट भाषण, बजट पेपर, आर्थिक सर्वेक्षण, विभागों की अनुदान मांगे,विधेयक, अध्यादेश, विभागों के वार्षिक प्रतिवेदन आदि।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ 2025 में अपनी यात्रा के 25 वर्ष पूरा करने जा रहा है।हमारा प्रयास होगा कि हम नए विधानसभा में प्रवेश कर जाएं। नया भवन, नवा रायपुर के मंत्रालय के पीछे निर्माणाधीन है। डॉ.सिंह ने कहा कि निकट भविष्य में संसदीय प्रकिया के कवरेज को और मजबूती देने पत्रकारों के लिए भी प्रबोधन मुंबई में आयोजित करने के प्रयास किए जाएंगे।
सत्रावधि कम होने को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि बहुत समय है, यदि उसका सार्थक उपयोग किया जाए। फिर छत्तीसगढ़ की विधानसभा ने कई मौकों पर सुबह तीन बजे तक भी चर्चा की है। उन्होंने बताया कि इस बार प्रश्न पूछने को लेकर पक्ष विपक्ष के विधायकों ने बड़ी रूचि दिखाई है। इस वजह से पहला सत्र होने के बाद भी प्रश्नों की संख्या बढ़ी है। डॉ.सिंह ने बताया कि 14-16 को विधायकों के लिए विस परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया जाएगा ।