रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 1 फरवरी। अभनपुर क्षेत्र में ट्रक और यात्री बस भीषण टक्कर हुई है। इस हादसे में बस में सवार 30 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिसमें एक की मौत हो गई है, वहीं 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भरेंगाभाठा चौंक के पास बुधवार को दोपहर करीब दो बजे यात्री बस अभनपुर से रायपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान विपरित दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने यात्री बस को सामने से जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे दोनों ही वाहन के सामने के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। तो वहीं बस पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 30 यात्रियों को गंभीर चोंटे आई है, तो वही 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें मेकाहारा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं इलाज के दौरान एक वृद्ध महिला की मौत हो गई है। मृतक का नाम शांति बाई (65) है, जो नवापारा के तर्री की रहने वाली थी।
घटना के बाद राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू घायलों से मिलने अभनपुर अस्पताल पहुंचे।
जहां उन्होंने मरीजों के परिजनों से बातचीत कर हालचाल जाना। नेताद्वय ने डॉक्टरों से बात कर उचित व त्वरिक इलाज के निर्देश दिए हैं। डॉक्टरों द्वारा गंभीर रूप से घायल मरीजों को रायपुर के मेकाहारा रेफर किया गया। जहां उनका इलाज जारी है।