रायपुर
प्रदेश के 20 हजार गांवों में भाजपा कार्यकर्ता जाएंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 जनवरी। ठाकरे परिसर में आज गांव चलो अभियान की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में गांव चलो अभियान के चार राज्यों (बिहार, उडीसा, झारखंड एवं छत्तीसगढ़) के प्रभारी एवं झारखंड के राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश संयोजक एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सह संयोजक विधायक रायपुर ग्रामीण मोतीलाल साहू, विधायक श्रीमती गोमती साय, भरत मटियारा, उपस्थित रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए अभियान चार राज्यों के प्रभारी एवं झारखंड राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि हम गांव चलो अभियान के तहत जनता के बीच जायें, उन्हें मजबूत भारत, आत्म निर्भर भारत, विकसित भारत बनाने के संकल्प का निमंत्रण दे। चंदेल ने बताया कि गांव चलो अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में 4 फरवरी से लेकर 11 फरवरी तक यह अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रदेश के 20 हजार गांवों में भाजपा कार्यकर्ता जाएंगे। इस अभियान में मुख्यमंत्री से लेकर सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, सहित सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता गांवों में जाकर 24 घंटे वहां रुकेंगे एवं वहां के लोगों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में बताएंगे। उन्होंने कहा कि गांव चलो अभियान कार्यशाला का मुख्य विषय लोकसभा चुनाव की तैयारी है जिसमें क्या-क्या कार्य करना है इस पर चर्चा की गई। भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी गांवों में जाकर केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से मिलेंगे और वहां के लोगों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके लिए जिले में एक संयोजक एवं दो सहसंयोजक बनाए गए हैं वही मंडल स्तर में एक संयोजक एवं एक सहसंयोजक बनाए गए हैं। चंदेल ने कहा कि इस अभियान के तहत 27 से 29 जनवरी तक जिला स्तर में और 30 जनवरी से 1 फरवरी तक मंडल स्तर में कार्यशाला आयोजित करनी है। इस दौरान बैठक में जिलों के संयोजक एवं सह संयोजक एवं पदाधिकारी मौजूद थे।