रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 जनवरी। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, सीएम विष्णु देव साय ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर उन्हें नमन किया। राज्यपाल ने राजभवन में नेताजी सुभाषचंद्र बोस के छायाचित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर राज्यपाल श्री हरिचंदन ने कहा कि नेताजी के राष्ट्र के प्रति त्याग एवं बलिदान की भावना ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और दशा प्रदान की। वे दूरदृष्टि रखते थे और देश को स्वतंत्र कराने की रणनीति तैयार की। इसके लिए उन्होंने देश भी छोड़ दिया।
नेताजी ने आजाद हिन्द फौज की कमान संभालने के बाद देश की आजादी से पहले ही अंडमान निकोबार में अस्थाई सरकार बनाई और भारत के पहले प्रधानमंत्री बने। इस कदम से उन्होंने अंग्रेजो को कड़ा संदेश दिया था कि भारत में अंग्रेजी शासन ज्यादा दिन तक नही रहेगा।
राज्यपाल ने कहा कि नेताजी सुभाषचन्द्र बोस का ओजस्वी व्यक्तित्व, अभूतपूर्व संगठन क्षमता, साहस, निष्ठा एवं नेतृत्व के अद्भुत गुण हमेशा याद किए जाएंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव अमृत खलखो, विधिक सलाहकार राजेश श्रीवास्तव सहित राजभवन के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी नेताजी सुभाषचंद्र बोस के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री साय ने कहा है कि नेताजी ने भारत की आजादी के लिए कठिन संघर्ष किया और ‘‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हेें आजादी दूंगा‘‘ जैसे नारों से देशवासियों में नये जोश का संचार किया। उन्हें आजादी के लिए लडऩे के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया। नेताजी ने आजाद हिंद फौज का गठन कर स्वाधीनता आंदोलन को नई दिशा प्रदान की।