रायपुर

धनखड़ ने कृषि छात्रों से कहा-आप कुछ कर सकें तो बदलाव का केंद्र बनेंगे, गांव में क्रांति आएगी
20-Jan-2024 9:02 PM
धनखड़ ने कृषि छात्रों से कहा-आप कुछ कर सकें तो बदलाव का केंद्र बनेंगे, गांव में क्रांति आएगी

उपराष्ट्रपति जगदीश धनखड़ सीएम विष्णुदेव साय के साथ कृषि स्टार्टअप के स्टॉल का अवलोकन करते हुए।


‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 जनवरी। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को सुबह में रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट माना में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंद और सीएम विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने रायपुर के जोरा स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के 38वें स्थापना दिवस समारोह में छात्रों से कहा कि आज के युग में देश में प्रतिभा चमकाने के इतने शुभ अवसर मिले हैं, जितने पहले कभी नहीं थे। अब भारत पूरी तरह से बदल चुका हैं। हमारी सोच बदल चुकी है। अब हम दुनिया में किसी के मोहताज नहीं हैं। हमने अपनी 5000 साल की संस्कृति को सबके सामने रख दिया है। दुनिया ने भी इसे लोहा माना है।  इसे पहचान लिया  है। यही वजह है कि आज का भारत विकास के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज दुनिया की संस्थाएं भारत की तारीफ कर रही हैं। वो कह रही है कि भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व का चमकता हुआ सितारा है। विश्व में तेजी से बढ़ती हुई हमारी अर्थव्यवस्था है।

 कृषि के क्षेत्र में इसकी ज्यादा आवश्यकता है। छात्रों से कहा कि भारत सरकार की जितनी नीतियां हैं, सहकारिता विभाग में क्या-क्या हुआ है ? उनमें से आप कुछ कर सकें तो बदलाव का केंद्र बनेंगे। गांव में क्रांति आएगी।

इससे पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़, राज्यपाल हरिचंदन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वविद्यालय परिसर में मौलश्री का पौधारोपण किया। उपराष्ट्रपति ने कृषि स्टार्टअप, बायोटेक और कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी उपस्थित रहे।

उपराष्ट्रपति विश्वविद्यालय में इम्यूनोबूस्टर एवं कैंसर रोधी धान की नवीन किस्म ‘संजीवनी’ से निर्मित तीन उत्पादों संजीवनी इंस्टैन्ट, संजीवनी मधु कल्क और संजीवनी राइस बार का लोकार्पण किया। धान की नवीन किस्म ‘संजीवनी’ इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा भाभा अटॉमिक रिसर्च सेन्टर, मुम्बई के साथ किये गये अनुसंधान की ओर से विकसित की गई है।


अन्य पोस्ट