रायपुर
आवास एवं पर्यावरण मंत्री चौधरी के ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जनवरी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की तर्ज पर नवा रायपुर अटल नगर, रायपुर भिलाई एवं दुर्ग को शामिल करते हुए राज्य राजधानी क्षेत्र का विकास करने की योजना भाजपा सरकार ने बनाई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी द्वारा नवा रायपुर अटल नगर में चले रही सभी परियोजनाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।
विभागीय मंत्री ओपी चौधरी ने गुणवत्ता विहीन कार्य करने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इसपर नवा रायपुर अटल नगर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा सभी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा पश्चात् ऐसे कार्य जिनकी प्रगति बहुत धीमी थी तथा ठेकेदारों को कई बार नोटिस देने के बाद भी कार्य में तेजी नहीं आई, उन कार्यों के वर्तमान ठेकेदार से अनुबंध खत्म कर नये ठेकेदार से कार्य कराने का निर्णय स्मार्ट सिटी के संचालक मण्डल की शुक्रवार को आयोजित बैठक में लिया गया है।
इससे कार्यों की गति एवं गुणवत्ता प्रभावित हो रही थी। अत: लोकहित एवं शहर विकास 218.7 करोड़ रुपये के 10 निर्माण कार्यों का पुराने ठेकेदार से अनुबंध निरस्त किया गया है। यह कार्य इसी विभाग के पूर्व मंत्री के परिजनों की कंपनी कर रही थी। इसे पूर्व में चार बार नोटिस भी दिया गया था। बताया जा रहा है कि करोड़ों के ठेके इस कंपनी ने दूसरे फर्म को सबलेट कर दिया था।
स्मार्ट सिटी की समय-सीमा जून 2024 को ध्यान में रखते हुए कई बार संबंधित ठेकेदार को मौखिक चेतावनी एवं लिखित नोटिस देने के बाद भी अपेक्षित प्रगति नहीं आने की वजह से जनहित से जु?े कार्य जैसे स्कूल, आंगनबाड़ी, बस स्टॉफ, गार्डन, पार्किंग इत्यादि को समय-सीमा में पूर्ण कर छत्तीसगढ़ शासन के मंशानुरूप राजधानी क्षेत्र में त्वरित गति से विकास कार्य पूर्ण कराने हेतु स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा जनोपयोगी निर्णय लिया गया है।
सौरभ ने ओपी को दिया धन्यवाद
पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने ट्वीट कर आवास पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि नया रायपुर के निर्माण में पिछले 5 साल के दौरान अनेकों गड़बड़ी हुई है इसपर कार्यवाही के लिए धन्यवाद इस तरह की कार्यवाही जारी रखें ।भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस।