रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जनवरी। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के तीनों महामंत्री और एक उपाध्यक्ष अब मंत्री बन गए हैं। इन पदों पर जिन नेताओं के नाम चल रहे हैं, वे लोकसभा के लिए दावेदारी कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष किरण देव को पितृ शोक के कारण नई नियुक्तियों में देरी हो रही है।
राज्य में सत्ता बदलते ही भाजपा ने अरुण साव के स्थान पर किरण देव को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। किरण देव जगदलपुर के विधायक हैं। साव डिप्टी सीएम बनाए गए हैं, जबकि तीनों महामंत्रियों में विजय शर्मा डिप्टी सीएम, केदार कश्यप और ओपी चौधरी मंत्री बनाए गए हैं। लखन लाल देवांगन भी मंत्री बने हैं। वे प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। पार्टी अब लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए जुट गई है। ऐसे में जल्द ही संगठन में भी फेरबदल के कयास लगाए जा रहे थे। इस बीच प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के पिता लक्ष्मी नारायण देव का निधन हो गया।
संगठन में महामंत्रियों का पद काफी अहम होता है। मंत्री बनने के बाद वे लगातार दौरे व बैठकों में व्यस्त हैं। इस बीच जब लोकसभा चुनाव की कवायद तेज होगी, तब सभी मंत्री विधानसभा सत्र में व्यस्त हो जाएंगे। इस वजह से चुनाव के ऐलान से पहले संगठन में बदलाव की चर्चा चल रही है। भाजपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक कई नाम ऐसे हैं, जो लोकसभा चुनाव के दावेदारों में शामिल हैं। संगठन में नाम आने की स्थिति में लोकसभा की दावेदारी कमजोर पड़ सकती है। कुछ और नेता हैं, वे चुनाव के बाद निगम-मंडल के लिए जुगत लगा रहे हैं।