रायपुर
रायपुर, 19 जनवरी। ’’प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना’’ को वंदन, इसके सहारे मैं अपनी बच्ची के स्वास्थ्य का अच्छी तरह ख्याल रख पाई, योजना की सफलता श्रीमती ईश्वरी साहू की गोद में किलकारियां भरती नन्हीं सी परी ’’प्रियंका’’ के चेहरे पर साफ दिखाई देती है। अभनपुर के डोंगीतराई गाँव की श्रीमती ईश्वरी साहू जिले में ’’प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना’’ के हजारों हितग्राहियों में से एक हैं, इस योजना के जरिए सरकार की कोशिश गर्भवस्था और बच्चे के पैदा होने के तुरंत बाद महिला को आराम करने के लिए पर्याप्त समय और अवसर मिले, इसके लिए आर्थिक मदद उपलब्ध कराना है। ’’विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ के अंतर्गत लगे शिविर में श्रीमती साहू ने ’’मेरी कहानी मेरी जुबानी’’ कार्यक्रम के तहत शिविर में मौजूद जनसमूह को केंद्र सरकार की योजना से मिल रहे लाभ के बारे में बताया और यह उम्मीद जताई की आने वाले समय में भी शासन द्वारा महिलाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसी योजनाओं का क्रियान्वयन होता रहेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री इंद्रकुमार साहू ने भी उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक संख्या में केंद्र शासन की योजनाओं का लाभ उठाने का निवेदन किया।