रायपुर

क्रिमिनल लॉ में बदलाव, और नक्सल अभियान पर सीएम की पीएचक्यू में बैठक
19-Jan-2024 2:50 PM
क्रिमिनल लॉ में बदलाव, और नक्सल अभियान पर सीएम की पीएचक्यू में बैठक

शाह के साथ बैठक से पहले सीएम साय ने ली गृह विभाग की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 जनवरी।
मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय गृह मंत्री विजय शर्मा और अफसरों के साथ विभाग की समीक्षा की। साय ने सीएम बनने के बाद पहली बार पुलिस अफसरो  के साथ बैठक ली। 

पुराने पुलिस मुख्यालय में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव  अमिताभ जैन ,डीजीपी अशोक जुनेजा, गृह विभाग के एसीएस मनोज कुमार पिंगुआ सहित  वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित हैं। यह बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ परसों होने वाली नक्सल मोर्चे पर आंतरिक सुरक्षा बैठक से पहले तैयारी बैठक बताई गई है।

शाह एक दिवसीय दौरे  21 जनवरी को दोपहर 2 बजे  रायपुर पहुंचेंगे । इस दौरान वे विधानसभा में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे. शाम 6 बजे तक शाह विस परिसर में रहेंगे। 
नये विधायकों के लिये विधानसभा में होने वाले प्रबोधन कार्यक्रम के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ‘वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई)’ पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे. यह बैठक विधानसभा के समिति कक्ष में होगी। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा समेत केंद्रीय गृह सचिव, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के शीर्ष अधिकारी और केंद्र और राज्य सरकारों के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य राज्य के नक्सल प्रभावित इलाकों के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को पूरा करना और वामपंथी उग्रवाद के खतरे से निपटना है। सडक़ निर्माण, दूरसंचार कनेक्टिविटी, वित्तीय समावेशन और आवासीय विद्यालय खोलना शामिल हैं।

आज की बैठक के बाद गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि अफसरों ने संघीय सरकार द्वारा पारित नए क्रिमिनल लॉ के प्रावधानों के संबंध में प्रेजेंटेंशन दिया। यह बताया कि किन पुरानी धाराओं के स्थान पर लागू किया गया है। साथ ही नक्सल अभियान की भी जानकारी दी। 
 


अन्य पोस्ट